Follow Us:

85 साल के बुजुर्ग ने दिखाया दम, 35 किलोमीटर पहाड़ पार कर पहुंच गए श्रीखंड

समाचार फर्स्ट |

कुल्लू के आनी के रहने वाले खज्जू राम ने 85 साल की उम्र में अपने स्वर्गीय माता-पिता की इच्छा को उम्र के इस पड़ाव में पूरा किया। उन्होंने श्रीखंड महादेव के दर्शन करके माता-पिता के सपने को साकार किया। बता दें कि आनी के श्वाड़ गांव निवासी बुजुर्ग खज्जू राम ने 12 जुलाई को थचडू से यात्रा शुरू की और 14 जुलाई को श्रीखंड महादेव के दर्शन किए।

खज्जू राम ने बताया कि उनके स्वर्गीय माता-पिता ने भगवान शिव से प्रार्थना की थी कि उनको बच्चा होगा तो वो श्रीखंड जाकर महादेव के दर्शन करेंगे जिसके चलते उनकी काफी सालों से श्रीखंड महादेव के दर्शन करने की तमन्ना थी।

खज्जू राम ने कहा कि पारिवारिक सदस्यों के मना करने के बावजूद भी भगवान शिव की कृपा से यात्रा को पूरी करने में सफलता मिली है। उन्होंने बताया कि12 जुलाई को रात कुंशा में विश्राम किया। जिसके बाद सुबह सात बजे कुंशा से यात्रा शुरू की। जिस दौरन13 जुलाई को वह नौन सरोवर पहुंचे और फिर 14 जुलाई को श्रीखंड महादेव के दर्शन किए। उन्होंने बताया कि यात्रा के दौरान रास्ते में उन्हें कई जगहों पर परेशानी हुई, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं हारी।

उन्होंने बताया कि अगर शरीर स्वस्थ रहा तो अगले साल वह फिर श्रीखंड यात्रा पर जाएंगे। वहीं, उनके साथ यात्रा पर गए राजेश शर्मा ने बताया कि खज्जू राम ने भोले के दर्शन करने के लिए महज चार दिन में 35 किलोमीटर का पैदल सफर किया है।