➤ 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक हिमाचल में चलेगा भाजपा का सेवा संकल्प अभियान
➤ 17 सितंबर को शाम सात बजे 80 हजार घरों में जलेंगे आशीर्वाद के दीप
➤ बिंदल ने कांग्रेस सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन और शिक्षा-स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर साधा निशाना
शिमला। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में सेवा और समर्पण के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा हिमाचल प्रदेश में 17 सितंबर से 17 अक्तूबर तक सेवा संकल्प अभियान चलाएगी। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने सोमवार को पत्रकार वार्ता में कहा कि अभियान को प्रदेशभर में बूथ स्तर तक ले जाया जाएगा और इसके तहत सेवा, जनसंपर्क तथा जनजागरण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया है। उन्होंने गरीब, किसान, महिला, युवा और समाज के वंचित वर्गों के कल्याण को शासन के केंद्र में रखा है। भाजपा इसी सेवा और समर्पण की भावना को जनता तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाएगी।
17 सितंबर को 80 हजार घरों में जलेंगे आशीर्वाद के दीप
अभियान की शुरुआत 17 सितंबर को शाम सात बजे आशीर्वाद के दीप जलाने के कार्यक्रम से होगी। प्रदेश के करीब आठ हजार बूथों पर 80 हजार परिवारों में दीप प्रज्ज्वलित करने का लक्ष्य रखा गया है। प्रत्येक बूथ पर कम से कम 100 परिवार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के स्वस्थ एवं दीर्घ जीवन तथा विकसित भारत-2047 के संकल्प के समर्थन में दीप जलाएंगे।
इस दौरान भाजपा कार्यकर्ता घर-घर संपर्क करेंगे और लोगों को केंद्र सरकार की योजनाओं तथा उपलब्धियों की जानकारी देंगे। अभियान का उद्देश्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए बदलाव और विकसित भारत के संकल्प को आम लोगों तक पहुंचाना बताया गया है।
17 से 20 सितंबर तक रक्तदान शिविर, 25 तरह के सेवा कार्यक्रम
डॉ. बिंदल ने बताया कि 17 से 20 सितंबर तक प्रदेशभर में रक्तदान शिविर लगाए जाएंगे। इसके अलावा पेंटिंग और वाद-विवाद प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी तथा आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाएगा।
अभियान के दौरान स्वच्छता अभियान, नशामुक्ति कार्यक्रम और जरूरतमंदों की सहायता समेत 25 प्रकार के सेवा कार्यक्रम आयोजित होंगे। भाजपा प्रत्येक मंडल, ग्राम केंद्र और बूथ पर अलग-अलग सेवा गतिविधियां करेगी। अभियान के अंतिम चरण में युवा मोर्चा के नेतृत्व में सेवा ज्योति यात्रा निकाली जाएगी।
बिंदल का दावा- मोदी ने सत्ता को सेवा का माध्यम बनाया
डॉ. बिंदल ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुजरात के मुख्यमंत्री और उसके बाद देश के प्रधानमंत्री के रूप में गरीब, किसान, युवा, महिला और समाज के प्रत्येक वर्ग की सेवा को शासन का केंद्र बनाया। उन्होंने कहा कि भाजपा सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा और समर्पण की भावना को जनता तक पहुंचाएगी।
कांग्रेस सरकार पर वित्तीय कुप्रबंधन का आरोप
पत्रकार वार्ता के दौरान डॉ. बिंदल ने कांग्रेस सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर भी सवाल उठाए। उन्होंने मुख्यमंत्री के आत्मनिर्भर एवं समृद्ध हिमाचल-2032 के लक्ष्य पर सवाल उठाते हुए कहा कि कैग रिपोर्ट सरकार के वित्तीय प्रबंधन पर गंभीर प्रश्न खड़े करती है।
उन्होंने कहा कि बढ़ते कर्ज और वित्तीय चुनौतियों के बावजूद सरकार जनता के सामने विकास के अवास्तविक दावे कर रही है। उनके अनुसार केवल घोषणाओं से प्रदेश आत्मनिर्भर नहीं बन सकता। इसके लिए मजबूत वित्तीय अनुशासन और स्पष्ट विकास नीति की आवश्यकता है।
कंगना के व्यवहार पर बोले बिंदल- वह अपनी बात कहने में खुद सक्षम
सांसद कंगना के मंडी की दिशा बैठक में व्यवहार को लेकर पूछे गए सवाल पर डॉ. बिंदल ने कहा कि सांसद कंगना अपनी बात कहने में खुद सक्षम हैं। उन्होंने कहा कि कंगना अपने आप उत्तर देंगी और वह उनकी बात का जवाब नहीं देंगे।
शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर हमला
डॉ. बिंदल ने प्रदेश की शिक्षा व्यवस्था को लेकर भी कांग्रेस सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि हजारों विद्यालय सिंगल टीचर व्यवस्था से जूझ रहे हैं और कई स्कूलों में शिक्षक उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने दावा किया कि एक शिक्षक से पांच-पांच कक्षाओं को पढ़ाने की अपेक्षा की जा रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार ने बड़ी संख्या में शैक्षणिक संस्थानों पर ताले लगाए हैं, लेकिन जो विद्यालय चल रहे हैं, वहां भी पर्याप्त शिक्षक, भवन और मूलभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने में सरकार विफल रही है।
फीस बढ़ोतरी को लेकर गरीब और मध्यम वर्ग पर बोझ का आरोप
डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकारी विद्यालयों के विद्यार्थियों को मिलने वाली कई सुविधाओं पर सरकार ने कटौती की है। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों की परिवहन सुविधा प्रभावित हुई, मुफ्त वर्दी जैसी सुविधा बंद हुई और विभिन्न शुल्कों में भारी बढ़ोतरी कर गरीब एवं मध्यम वर्गीय परिवारों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ डाला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि कक्षा 9वीं और 11वीं की पंजीकरण फीस ₹50 से बढ़ाकर ₹200 कर दी गई है, यानी 300 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। इसी तरह लेट फीस ₹100 से बढ़ाकर ₹500 कर दी गई, यानी 400 प्रतिशत की वृद्धि हुई है।
बिना तैयारी CBSE और अंग्रेजी माध्यम लागू करने का आरोप
डॉ. बिंदल ने कहा कि सरकार शिक्षा क्षेत्र में बिना पर्याप्त तैयारी के लगातार प्रयोग कर रही है। उन्होंने कहा कि स्कूलों को CBSE में बदलने और अंग्रेजी माध्यम लागू करने से पहले शिक्षकों को आवश्यक प्रशिक्षण और पर्याप्त संसाधन उपलब्ध करवाए जाने चाहिए थे।
उन्होंने कहा कि बच्चों की शिक्षा कोई प्रयोगशाला नहीं है। पहले शिक्षक तैयार होने चाहिए, पाठ्यक्रम और संसाधनों की व्यवस्था होनी चाहिए और उसके बाद बदलाव लागू होना चाहिए। बिना तैयारी निर्णय लेकर विद्यार्थियों के भविष्य को दांव पर लगाना चिंताजनक है।
हर महीने करीब 200 स्थानों पर आंदोलन करेगी भाजपा
डॉ. बिंदल ने कहा कि यह कहना गलत है कि भाजपा सरकार के खिलाफ जन आंदोलन नहीं कर रही है। उन्होंने बताया कि जुलाई महीने में भाजपा ने प्रदेश में 171 स्थानों पर प्रदर्शन किए, जिनमें स्थानीय जनता ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
उन्होंने कहा कि टूटी सड़कों, बंद स्कूलों, बंद किए गए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों, अस्पतालों में डॉक्टरों की कमी, CT Scan और Ultrasound जैसी जांच सुविधाओं की बदहाली सहित स्थानीय मुद्दों को लेकर भाजपा लगातार आवाज उठा रही है।
डॉ. बिंदल ने कहा कि भाजपा ने निर्णय लिया है कि हर महीने लगभग 200 स्थानों पर स्थानीय जनसमस्याओं को लेकर धरने-प्रदर्शन किए जाएंगे। प्रदेश के 171 मंडलों के साथ अन्य महत्वपूर्ण स्थानों पर भी आंदोलन होंगे।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार को जनता की आवाज सुननी ही पड़ेगी। भाजपा सदन से सड़क तक जनहित के मुद्दे उठाती रहेगी और कांग्रेस सरकार की जनविरोधी नीतियों, वित्तीय कुप्रबंधन तथा शिक्षा और स्वास्थ्य व्यवस्था की बदहाली को जनता के सामने मजबूती से उजागर करेगी।



