➤ हरियाणा के टूरिस्ट से मिठाई मांगना एएसआई को पड़ा भारी
➤ एसपी देहरा ने आरोपी पुलिसकर्मी को किया तुरंत लाइन हाजिर
➤ वीडियो वायरल होने के बाद डाडासीबा एसडीपीओ को सौंपी जांच
हिमाचल के देहरा पुलिस जिला में रूटीन चेकिंग के दौरान एक पुलिसकर्मी द्वारा टूरिस्ट से नई गाड़ी की मिठाई मांगना महंगा पड़ा है। पुलिस ने एएसआई को लाइन हाजिर कर दिया है। उसके खिलाफ विभागीय जांच बिठा दी गई है। डीएसपी डाडासिबा को जांच सौंपी गई है। यह कार्रवाई मिठाई मांगने से जुड़ा वीडियो वायरल होने के बाद की गई है।
दरअसल, 25 अगस्त को जसवां परागपुर में चेकिंग के दौरान पुलिस ने हरियाणा के टूरिस्ट की गाड़ी को रोका। इस दौरान पुलिस कर्मी और टूरिस्ट के बीच लगभग पौने दो मिनट बात हुई। एएसआई और टूरिस्ट के बीच हुई बातचीत डैशबोर्ड पर लगे कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। टूरिस्ट ने बाद में इस वीडियो को सोशल मीडिया में वायरल कर दिया। इसके आधार पर एसपी देहरा संदीप धवल ने एएसआई को लाइन हाजिर किया गया।
पुलिस कर्मी और टूरिस्ट के बीच वायरल वीडियो में बातचीत के कुछ अंश में पुलिसकर्मी ने गाड़ी का मॉडल पूछा और नई गाड़ी पर मुंह मीठा कराने की बात कही। टूरिस्ट ने असमर्थता जताई तो पुलिसकर्मी ने हरियाणा के लोगों को दिलेर बताते हुए नाम और पढ़ाई के बारे में पूछा। टूरिस्ट द्वारा मास्टर की पढ़ाई पूरी करने की बात कहने पर भी पुलिसकर्मी ने लगातार पार्टी या मिठाई के लिए दबाव बनाया। अंत में बातचीत के बाद टूरिस्ट को जाने दिया गया, लेकिन यह वीडियो बाद में सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया।
एसपी देहरा संदीप धवल ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर किया है। उन्होंने बताया कि उसके खिलाफ विभागीय जांच बिठा दी गई है। हालांकि, यह मामला एक महीने से पुराना है, लेकिन यह वीडियो अब वायरल हुआ है। इसके आधार पर आज ही पुलिस कर्मी को लाइन हाजिर किया गया है।



