Follow Us:

बारिश और बर्फबारी से हिमाचल कूल-कूल , चंबा का पारा 10.7 डिग्री लुढ़का, कल से धूप

➤ हिमाचल में बारिश और बर्फबारी के बाद तापमान में भारी गिरावट दर्ज

➤ चंबा का पारा सामान्य से 10.7 डिग्री सेल्सियस तक लुढ़का

➤ कल से चार अक्टूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार


शिमला। हिमाचल प्रदेश में पिछले तीन दिनों से लगातार हो रही बारिश और ऊंचे पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद पारे में भारी गिरावट दर्ज की गई है, जिससे प्रदेशभर में ठंड का असर काफी बढ़ गया है। मौसम में आए इस बदलाव के चलते राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 6.2 डिग्री सेल्सियस नीचे तक लुढ़क गया है। प्रदेश के अधिकांश शहरों के अधिकतम तापमान में 5 से 10 डिग्री तक की बड़ी गिरावट आई है, जिससे सुबह-शाम के साथ-साथ अब दिन के समय भी कड़ाके की ठंड महसूस होने लगी है। खासकर चंबा जिले में मौसम का मिजाज सबसे ज्यादा बदला है, जहां अधिकतम तापमान सामान्य से 10.7 डिग्री सेल्सियस नीचे आ गया है।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार, आज पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ जाएगा, हालांकि कुछेक हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी की संभावना अभी बनी हुई है। राहत की बात यह है कि कल यानी 29 सितंबर से पूरे प्रदेश में मौसम साफ हो जाएगा और 4 अक्टूबर तक लगातार धूप खिली रहने के आसार हैं। वहीं, मानसून की आधिकारिक विदाई को लेकर अभी तक स्थिति पूरी तरह स्पष्ट नहीं हो पाई है, जिसे लेकर मौसम निदेशक शोभित कटियार ने बताया कि अगले एक-दो दिनों में मानसून की वापसी को लेकर तस्वीर साफ होने की उम्मीद है। कांगड़ा में धौलाधार की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात भी हुआ है।

इस पूरे मानसून सीजन के आंकड़ों पर नजर डालें तो प्रदेश में सामान्य से कम बारिश दर्ज की गई है। एक जून से अट्ठाईस सितंबर तक राज्य में 644.2 मिलीमीटर बारिश हुई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 732.1 मिलीमीटर रहता है, यानी इस बार करीब 12 प्रतिशत कम बारिश रिकॉर्ड की गई है। इसके बावजूद भारी बारिश, अचानक आई बाढ़ और लैंडस्लाइड जैसी प्राकृतिक आपदाओं के कारण प्रदेश को भारी आर्थिक क्षति उठानी पड़ी है। शुरुआती आंकलन के मुताबिक अब तक करीब 3,220 करोड़ रुपये की सरकारी और निजी संपत्ति तबाह हो चुकी है, जिसमें 146 मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त और 530 मकान आंशिक रूप से प्रभावित हुए हैं।