Follow Us:

हिमाचल में 5 दिन बारिश-तूफान का अलर्ट, कल से बदलेगा मौसम और चोटियों पर होगी बर्फबारी

➤ हिमाचल में कल से 5 दिन बारिश, तूफान और बर्फबारी के आसार

➤ 6 जिलों में आंधी-तूफान के साथ बारिश का यलो अलर्ट जारी

➤ पारा 4 से 6 डिग्री तक लुढ़कने से बढ़ेगी ठंड


हिमाचल प्रदेश में मौसम के मिजाज में बड़ा फेरबदल होने जा रहा है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार राज्य में कल से आगामी पांच दिनों तक बारिश और बर्फबारी का दौर शुरू होने की पूरी संभावना है। मध्यम ऊंचाई वाले कुछ चुनिंदा इलाकों में आज से ही बादलों की आवाजाही के साथ मौसम बदलने लगा है, जबकि मंगलवार से समूचे प्रदेश में व्यापक स्तर पर वर्षा का सिलसिला देखने को मिलेगा। मौसम विभाग ने स्थिति को देखते हुए 6 अक्तूबर को प्रदेश के छह जिलों में तेज आंधी-तूफान और गर्जना के साथ वर्षा का यलो अलर्ट जारी किया है।

मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक प्रदेश भर में 10 अक्तूबर तक हल्की से मध्यम दर्जे की बारिश जारी रह सकती है। विशेष रूप से 6 अक्तूबर को बिलासपुर, हमीरपुर, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में मौसम कड़े तेवर दिखाएगा। इस दौरान इन क्षेत्रों में बादलों की गड़गड़ाहट के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज अंधड़ चलने की आशंका जताई गई है, जिसके चलते स्थानीय प्रशासन और मौसम विभाग ने आम जनमानस व पर्यटकों को सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

इसके साथ ही लाहौल-स्पीति, चंबा, कुल्लू, कांगड़ा और किन्नौर की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की जा सकती है। मैदानी व मध्यम क्षेत्रों में बारिश और उच्च पर्वतीय शिखरों पर हिमपात के कारण प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 4 से 6 डिग्री सेल्सियस तक की भारी गिरावट आएगी। पारा लुढ़कने से अधिक ऊंचे पहाड़ों और घाटियों में सुबह, शाम और रात के समय ठंड का प्रकोप तेजी से बढ़ जाएगा।

वर्तमान स्थिति की बात करें तो प्रदेश में पारा अभी सामान्य से काफी ऊपर बना हुआ है। राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 2.4 डिग्री सेल्सियस अधिक दर्ज किया जा रहा है, वहीं कई शहरों में यह अंतर 4 से 11 डिग्री तक पहुंच चुका है। जनजातीय क्षेत्र केलांग का पारा सामान्य से 11.4 डिग्री ज्यादा दर्ज हुआ जहां अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। इसके अलावा कल्पा में 24.6 डिग्री और राजधानी शिमला में अधिकतम तापमान 24.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। आगामी 10 अक्तूबर तक चलने वाले बारिश के दौर से तापमान में आ रही यह गिरावट लोगों को गर्मी से राहत दिलाते हुए कड़ाके की ठंड की दस्तक देगी।