Follow Us:

ऊंचे पहाड़ों पर बर्फबारी और मैदानों में बारिश का दौर शुरू, जानिए आपके जिले का हाल!

➤ हिमाचल के 7 जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी

➤ ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी की संभावना, मैदानी इलाकों में बारिश के आसार

➤ 16 अक्तूबर से कमजोर पड़ेगा वेस्टर्न डिस्टरबेंस, 18 अक्तूबर से साफ रहेगा मौसम


हिमाचल प्रदेश में अगले चार दिन मौसम खराब रहने वाला है। वेस्टर्न डिस्टरबेंस के सक्रिय होने से प्रदेश के ऊंचे पहाड़ी क्षेत्रों में बर्फबारी, जबकि मैदानी और मध्यम ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 14 और 15 अक्तूबर को ज्यादातर भागों में बारिश के आसार हैं।

इस दौरान लाहौल-स्पीति, चंबा, किन्नौर, कांगड़ा और कुल्लू जिले की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी हो सकती है। इसके बाद 16 और 17 अक्तूबर को पश्चिमी विक्षोभ कमजोर पड़ेगा। 18 अक्तूबर से मौसम पूरी तरह साफ होने का पूर्वानुमान है। 14 अक्तूबर को ऊना, बिलासपुर, चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, मंडी और शिमला जिलों में आंधी-तूफान और बिजली चमकने को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।

वहीं, 15 अक्तूबर को वेस्टर्न डिस्टरबेंस ज्यादा स्ट्रॉन्ग होकर बरसेगा। इस दिन किन्नौर और लाहौल-स्पीति को छोड़कर प्रदेश के अन्य जिलों में आंधी-तूफान और बिजली गिरने की चेतावनी दी गई है। बारिश और बर्फबारी के कारण प्रदेश के ज्यादातर शहरों के तापमान में गिरावट आएगी। फिलहाल राज्य का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से करीब 0.8 डिग्री सेल्सियस अधिक चल रहा है, जो बीते दो दिन की धूप के कारण बढ़ा है।

हालांकि, बीते रविवार को प्रदेश का औसत अधिकतम तापमान सामान्य से 7.3 डिग्री नीचे गिर गया था। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले 48 घंटे के दौरान तापमान में कमी आएगी, मगर 16 अक्तूबर से इसमें इजाफा होगा। खासकर 18 अक्तूबर से तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया जाएगा।