Follow Us:

हिमाचल में अलग खान निदेशालय का गठन, आईएएस अधिकारी संभालेंगे कमान

➤ हिमाचल प्रदेश सरकार ने उद्योग विभाग के तहत अलग खान निदेशालय के गठन को दी मंजूरी

➤ खान निदेशक का ग्रुप ए पद सृजित, आईएएस अधिकारी से भरा जाएगा पद

➤ खनन क्षेत्र के प्रबंधन में दक्षता लाने और वैधानिक नियमों में संशोधन का निर्णय


प्रदेश सरकार ने उद्योग विभाग के तहत एक अलग खान निदेशालय के गठन को मंजूरी दे दी है। इस संबंध में राज्य सरकार की ओर से बुधवार देर शाम अधिसूचना जारी की गई। इसके तहत तत्काल प्रभाव से इस निदेशालय की स्थापना को स्वीकृति प्रदान की गई है। इसके साथ ही, खान निदेशक का एक ग्रुप ए पद भी सृजित किया गया है, जिसे आईएएस काडर के अधिकारी से भरा जाएगा। यह नवगठित खान निदेशालय उद्योग विभाग के प्रशासनिक नियंत्रण में कार्य करेगा। खान निदेशक इस नए निदेशालय के विभागाध्यक्ष के रूप में कार्य करेंगे।

निदेशक निदेशालय के कामकाज पर प्रशासनिक नियंत्रण, पर्यवेक्षण और अधीक्षण का अधिकार रखेंगे। हालांकि, निदेशालय पर उद्योग विभाग का समग्र प्रशासनिक नियंत्रण बना रहेगा। निदेशालय के सुचारू कामकाज के लिए उद्योग विभाग से मौजूदा स्वीकृत पदों को भी स्थानांतरित किया गया है। इनमें एक संयुक्त निदेशक, एक सहायक नियंत्रक (वित्त और लेखा) और एक अधीक्षक, ग्रेड-एक शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, एक वरिष्ठ सहायक, तीन कनिष्ठ कार्यालय सहायक (सूचना प्रौद्योगिकी) और एक चपरासी का पद भी स्थानांतरित किया गया है। निदेशालय को आउटसोर्स आधार पर चार मल्टी टास्क वर्कर नियुक्त करने की भी अनुमति दी गई है। नवगठित निदेशालय की जिम्मेदारियों के प्रभावी निर्वहन के लिए आवश्यक वैधानिक नियमों में संशोधन किए जाएंगे। इन संशोधनों के माध्यम से खान निदेशक को आवश्यक शक्तियां और कार्य प्रदान किए जाएंगे। यह कदम निदेशालय को अपने उद्देश्यों को पूरा करने में सक्षम बनाएगा। इससे खनन क्षेत्र के प्रबंधन में अधिक दक्षता आएगी।