Follow Us:

कांगड़ा में बीएसएफ से सेवानिवृत्त पति ने पत्‍नी को मार डाला, लोहे के औजार से सिर पर वार, गिरफ्तार

➤ हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के कोटला में कहासुनी के बाद पत्नी की हत्या का मामला आया सामने

➤ पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बीएसएफ से सेवानिवृत्त आरोपी पति को किया गिरफ्तार

➤ पिछले करीब 10 वर्षों से चल रहा था पारिवारिक विवाद, लोहे के औजार से सिर पर किया वार


 हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के कोटला के भाली गांव में बुधवार सुबह पत्नी की हत्या के आरोप में पुलिस ने बीएसएफ से सेवानिवृत्त पति को गिरफ्तार किया है। आरोप है कि आपसी कहासुनी के दौरान पति ने लोहे के औजार से पत्नी के सिर पर वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस के अनुसार, आरोपी जगदीश चंद और मृतका उषा देवी के बीच पिछले करीब 10 वर्षों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। बुधवार सुबह करीब छह बजे दोनों के बीच किसी बात को लेकर फिर से कहासुनी हो गई। आरोप है कि इसी दौरान आक्रोशित होकर जगदीश चंद ने लोहे के औजार से उषा देवी के सिर पर गंभीर वार कर दिया, जिससे उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

घटना की सूचना मिलते ही जवाली के उपमंडलीय पुलिस अधिकारी, कोटला थाना पुलिस और नूरपुर की फॉरेंसिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का बारिकी से निरीक्षण कर वहां से महत्वपूर्ण साक्ष्य जुटाए। मृतका के भाई उत्तम चंद के बयानों के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति जगदीश चंद के खिलाफ हत्या का संगीन मामला दर्ज कर लिया है। परिवार में दो बेटियां और एक बेटा हैं, जिनमें से एक बेटी की शादी हो चुकी है जबकि दूसरी बेटी और बेटा अलग रहते हैं। एएसपी नूरपुर धर्म चंद वर्मा ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि पुलिस इस सनसनीखेज मामले के सभी पहलुओं और कारणों की गंभीरता से जांच कर रही है।