Follow Us:

स्पीति के विकास पर खर्च होंगे पांच सौ करोड़, माइनस डिग्री के बावजूद जमीन पर बैठे सीएम सुक्खू

➤ स्पीति के विकास पर खर्च होंगे पांच सौ करोड़ रुपये, माइनस पांच डिग्री तापमान में जमीन पर बैठे सीएम सुक्खू

➤ रंगरीक में रात्रि प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री ने सुनी आम जनता की समस्याएं और दिए त्वरित निर्देश

➤ रोंगटोंग में सौर ऊर्जा संयंत्र का लोकार्पण और साढ़े तीन सौ करोड़ की ट्रांसमिशन लाइन की रखी आधारशिला


हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने अपने दो दिवसीय काजा दौरे के दौरान स्पीति घाटी के विकास को नई रफ्तार देते हुए आने वाले समय में पांच सौ करोड़ रुपये खर्च करने की बड़ी घोषणा की है। माइनस पांच डिग्री कड़ाके की ठंड और कनकनी के बीच मुख्यमंत्री ने रात के वक्त लगभग नौ बजे रंगरीक के मंजुश्री क्षेत्र में पहुंचकर जमीन पर बैठकर करीब डेढ़ घंटे तक स्थानीय लोगों की समस्याएं सुनीं और अधिकारियों को उनके जल्द समाधान के कड़े निर्देश दिए।

इस दौरान मुख्यमंत्री स्थानीय पारंपरिक वेशभूषा में लोकनृत्य का हिस्सा भी बने, जबकि इस संवाद के बीच एक बच्ची के उनकी गोद में सो जाने की तस्वीर सोशल मीडिया पर काफी तेजी से वायरल हो रही है। ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम के तहत स्पीति पहुंचे सीएम सुक्खू ने इस दौरान कुल एक सौ सोलह करोड़ अट्ठाइस लाख रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया।

अपने इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने रोंगटोंग में बैटरी भंडारण प्रणाली से संचालित प्रदेश के पहले सोलर पावर प्लांट का लोकार्पण किया जिससे सालाना करीब छियालीस लाख यूनिट बिजली उत्पादन होने की उम्मीद है। इसके अलावा समदो और काजा में लगभग सैंतालीस करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले विद्युत उपकेंद्रों की आधारशिला रखी गई तथा समदो-काजा ट्रांसमिशन लाइन पर साढ़े तीन सौ करोड़ रुपये खर्च किए जाने की घोषणा की गई जिसे अगले तीन साल में पूरा करने का लक्ष्य है।

मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि स्पीति क्षेत्र में बिजली की समस्या का स्थायी समाधान किया जाएगा। इसके साथ ही कुंजुम दर्रे के नीचे सुरंग निर्माण के लिए सर्वेक्षण, काजा में हेलीपोर्ट निर्माण, स्पीति घाटी को प्राकृतिक खेती क्षेत्र घोषित करने, रंगरीक स्वास्थ्य उपकेंद्र को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में स्तरोन्नत करने और बालिका छात्रावास के लिए दो करोड़ रुपये देने का भी ऐलान किया गया।