Follow Us:

कांगड़ा में रिश्तों का कत्ल: जुड़वां बेटियों से जबरदस्‍ती के आरोप में पिता गिरफ्तार

  • कांगड़ा के धर्मशाला में नाबालिग जुड़वां बेटियों से दुष्कर्म के आरोप में पिता गिरफ्तार

  • काउंसलिंग और मेडिकल रिपोर्ट पर डॉक्टरों की अंतिम राय के बाद महिला पुलिस थाना धर्मशाला ने की कार्रवाई

  • एसपी कांगड़ा ने कार्रवाई में देरी के आरोपों को किया खारिज, मामले की गहन जांच जारी


हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले के धर्मशाला विधानसभा क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां पुलिस ने अपनी ही दो नाबालिग जुड़वां बेटियों के साथ कथित दुष्कर्म के आरोप में कलयुगी पिता को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस के अनुसार, मेडिकल रिपोर्ट पर चिकित्सा विशेषज्ञों की अंतिम राय मिलने के बाद आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई गई है। इस संबंध में महिला पुलिस थाना धर्मशाला में विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है।

प्राप्त जानकारी के मुताबिक, बच्चियों के साथ कथित दुष्कर्म की यह शर्मनाक वारदात 3 अक्तूबर को घटित होने का आरोप है। चाइल्ड लाइन के माध्यम से जब यह संवेदनशील मामला प्रकाश में आया, तो पुलिस ने तुरंत संज्ञान लेते हुए 7 अक्तूबर को महिला थाना धर्मशाला में प्राथमिकी दर्ज की। शुरुआती जांच के दौरान बच्चियों ने छेड़छाड़ की बात कही थी और परिजनों ने भी आरोपों की पुष्टि नहीं की थी। इसके बाद स्थिति की गंभीरता को देखते हुए विशेषज्ञों द्वारा बच्चियों और उनकी मां की विस्तृत काउंसलिंग करवाई गई।

काउंसलिंग के बाद 13 अक्तूबर को दोनों पीड़ित बच्चियों के बयान अदालत में विधिवत दर्ज करवाए गए। इसके साथ ही दोनों का मेडिकल परीक्षण करवाया गया। मेडिकल परीक्षण की रिपोर्ट पर स्वास्थ्य विशेषज्ञों की अंतिम मुहर लगते ही पुलिस हरकत में आई और आरोपी पिता को दबोच लिया। हालांकि, एक स्वयंसेवी संस्था ने मामले में गंभीर धाराएं जोड़ने और कार्रवाई में देरी का आरोप लगाया था, जिसे पुलिस प्रशासन ने सिरे से नकार दिया।

एसपी कांगड़ा कुलभूषण वर्मा ने स्पष्ट किया कि पुलिस ने मामले में पूरी संवेदनशीलता और कानूनी प्रक्रिया के तहत काम किया है। उन्होंने बताया कि काउंसलिंग और मेडिकल रिपोर्ट की अंतिम पुष्टि होते ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस निष्पक्ष तरीके से मामले के सभी साक्ष्यों की जांच कर रही है ताकि अदालत में पीड़िता बच्चियों को न्याय दिलाया जा सके।