➤ हिमाचल में मौसम ने बदली करवट, रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी
➤ कोकसर में हल्की ओलावृष्टि, कुकुमसेरी का पारा माइनस 0.5 और केलांग में 0.1 डिग्री
➤ 24 और 25 अक्तूबर को हल्की बारिश-बर्फबारी के आसार, 26 से 30 अक्तूबर तक मौसम साफ रहने की संभावना
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम ने करवट बदल ली है। रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू और लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी दर्ज की गई है। वहीं कोकसर में हल्की ओलावृष्टि होने की सूचना है। ताजा बर्फबारी से जनजातीय क्षेत्रों में ठंड बढ़ गई है। दूसरी ओर, प्रदेश की राजधानी शिमला सहित आसपास के भागों में शनिवार को धूप खिली रही।
प्रदेश में शनिवार को कुकुमसेरी का न्यूनतम तापमान माइनस 0.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में न्यूनतम तापमान 11.0, सुंदरनगर में 10.5, भुंतर में 9.2, कल्पा में 3.2, धर्मशाला में 13.6, ऊना में 14.0, नाहन में 14.7, केलांग में 0.1, पालमपुर में 11.0, सोलन में 8.0, मनाली में 7.1, कांगड़ा में 13.8, मंडी में 12.1, बिलासपुर में 13.5, चंबा में 12.8, कुफरी में 8.5, सेऊबाग में 8.2, सराहन में 17.1, पांवटा साहिब में 18.0, ताबो में 0.9 और बजौरा में 9.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 24 और 25 अक्तूबर को राज्य के कुछ अलग-अलग स्थानों पर हल्की बारिश और बर्फबारी की संभावना है। इसके बाद 26 से 30 अक्तूबर तक पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं।
विभाग के मुताबिक शनिवार को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू, शिमला, किन्नौर और लाहौल-स्पीति के कुछ भागों में हल्की बारिश-बर्फबारी हो सकती है। वहीं 25 अक्तूबर को चंबा, कांगड़ा, कुल्लू और लाहौल-स्पीति में हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है।
मौसम विभाग ने तापमान में बदलाव की भी संभावना जताई है। अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आ सकती है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों में न्यूनतम तापमान धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ सकता है। वहीं अगले 2-3 दिनों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आएगी।



