➤ हिमाचल में चार आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में फेरबदल, राज्यपाल ने जारी किए तत्काल प्रभाव से आदेश
➤ निवेदिता नेगी बनीं लाहौल-स्पीति की डीसी, किरण भड़ाना को मिली बिलासपुर की कमान
➤ बिलासपुर डीसी राहुल कुमार को एचआरटीसी के एमडी का अतिरिक्त प्रभार, अमनदीप गर्ग सीपीसीबी अध्यक्ष का काम संभालते रहेंगे
शिमला। हिमाचल प्रदेश में प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल हुआ है। राज्यपाल ने सिविल सेवा बोर्ड की सिफारिशों पर जनहित में तत्काल प्रभाव से चार आईएएस अधिकारियों के दायित्वों में बदलाव के आदेश जारी किए हैं। इसके तहत दो अधिकारियों को अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है, जबकि दो अधिकारियों को नए जिलों में उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
आदेश के अनुसार डॉ. यूनुस (आईएएस, 2010 बैच), जो सचिव (राज्य कर एवं आबकारी) हैं, को सचिव (सामान्य प्रशासन विभाग, सामाजिक कल्याण विभाग और संसदीय कार्य) का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। इस अतिरिक्त प्रभार से आशीष सिंघमार (आईएएस, 2007 बैच) को मुक्त किया गया है।
वहीं, बिलासपुर के उपायुक्त राहुल कुमार (आईएएस, 2016 बैच) को हिमाचल सड़क परिवहन निगम (एचआरटीसी), शिमला के प्रबंध निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। इस जिम्मेदारी से शिवम प्रताप सिंह (आईएएस, 2017 बैच) को मुक्त किया गया है।
इसके अलावा हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की सचिव निवेदिता नेगी (आईएएस, 2017 बैच) को लाहौल एवं स्पीति जिले का उपायुक्त नियुक्त किया गया है। उनका मुख्यालय केलांग होगा। वहीं, लाहौल एवं स्पीति की उपायुक्त किरण भड़ाना (आईएएस, 2017 बैच) को बिलासपुर जिले का उपायुक्त नियुक्त किया गया है।
दूसरी ओर, हिमाचल कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी अमनदीप गर्ग केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के अध्यक्ष का अतिरिक्त कार्यभार संभालते रहेंगे। वह नियमित अध्यक्ष की नियुक्ति तक यह जिम्मेदारी निभाएंगे। केंद्र सरकार की कैबिनेट की नियुक्ति समिति ने उनके अतिरिक्त कार्यभार को आगे बढ़ाने की मंजूरी दे दी है।



