Follow Us:

राफेल के मामले में जनता को गुमराह कर रही कांग्रेस: बीजेपी

नवनीत बत्ता |

राफेल डील मामले में बीजेपी ने कांग्रेस के आरोपों का पलटवार किया है।  इसी कड़ी में प्रदेश बीजेपी के उपाध्यक्ष और पूर्व विधायक विजय अग्निहोत्री कहा कि प्रदेश कांग्रेस पार्टी द्वारा राफेल के मामले में प्रदेश की जनता को गुमराह करने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू पर ताबड़तोड़ हमला बोलते हुए कहा कि यदि राफेल की जानकारी नहीं है तो कांग्रेस आला नेताओं से जानकारी लें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास कोई मुद्दा नहीं है, मात्र मीडिया में बने रहने को राफेल के मुद्दे को उठाकर राजनीतिक रोटियां सेक रहे हैं। उन्होंने प्रधानामंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला जलाए जाने की कड़े शब्दों में निंदा की है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस राफेल के मामले में प्रदेश व देश में भ्रम फैला रही है, जबकि राफेल डील पूरी तरह पारदर्शी है।

अग्निहोत्री ने कहा कि इस संबंध में जब लोकसभा में अविश्वास प्रस्ताव लाया गया उस समय भी कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल गांधी ने मुद्दा उठाया था और कुछ घंटों के बाद भाजपा सांसद अनुराग ठाकुर ने राहुल गांधी पर संसद व देश की जनता को गुमराह करने का आरोप लगाया था, उसके बाद राहुल ने इस मुद्दे को लोकसभा में उठाना उचित न समझा।

उन्होंने कहा कि राफेल देश की सुरक्षा के लिए बहुत महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि राफेल डील को मुद्दा बनाने की कांग्रेस की कोशिश पूरी तरह नाकाम साबित होगी। अग्निहोत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शासनकाल में अभी तक एक भी भ्रष्टाचार का आरोप नहीं लगा, जबकि केंद्र में पूर्व कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में यह आम बात हो गई थी, तब कांग्रेस नेताओं ने भ्रष्टाचार चरम सीमा पर ला दिया तो क्यों पुतले नहीं जलाए गए?

उन्होंने कहा कि कांग्रेस नेता किसी भी प्रकार के आरोपों से पूर्व अपने गिरेबान में झांकें। उपाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस के अध्यक्ष राहुल गांधी लोकसभा में यह कहते हैं कि मोदी के लिए किसी तरह की नफरत नहीं है, परंतु कांग्रेस के लोग प्रधानमंत्री के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल कर रहे हैं जिसे भाजपा व देश की जनता बर्दाश्त नहीं करेगी।