Follow Us:

ऊना: प्रशासन की कड़ी कारवाई, सरकारी जमीन से हटाए अवैध कब्जे

राकेश कुमार |

नगर परिषद क्षेत्र में सरकारी जमीनों पर अवैध कब्जे जमाए बैठे लोगों को शुक्रवार हुई प्रशासनिक कार्रवाई के दौरान खदेड़ दिया गया। तहसीलदार ऊना विजय कुमार रॉय ने शुक्रवार सुबह पुलिस बल को साथ लेकर नगर परिषद ऊना की टीम के साथ जिला परिषद रोड से अवैध कब्जे हटाने का अभियान चलाया।

इस दौरान करीब एक दर्जन से अधिक खोखे हटाए गए। बताया जा रहा है कि यह कार्रवाई नगर परिषद द्वारा इस रोड के सुधारीकरण के चलते की गई है। नगर परिषद ने इस रोड पर पेवर ब्लॉक लगाने का काम शुरू करना था। लेकिन, रोड के दोनों ओर अवैध कब्जों के चलते यह काम लंबे अरसे से अटका हुआ था।

कई बार इन लोगों से कहने के बावजूद अवैध कब्जे नहीं हटे। जिसके बाद नगर परिषद ने मामले को राजस्व विभाग के सुपुर्द कर दिया था। जबकि राजस्व विभाग द्वारा भी अवैध कब्जा धारियों को नोटिस सर्व कर यहां से हटने के लिए कहा था। नोटिस में उन्हें 2 अगस्त तक अवैध कब्जे छोडऩे का समय दिया था। इस दौरान कुछ लोगों ने अपने खोखे और अन्य सामान यहां से हटा लिया था, लेकिन कई लोग शुक्रवार सुबह तक भी ज्यों के त्यों मौके पर डटे रहे। जिन्हें हटाने के लिए विभाग ने पुलिस बल के साथ कार्रवाई को अंजाम दिया।

नगर परिषद की ओर से अवैध कब्जे हटाने के लिए जिला प्रशासन को पत्राचार किया गया था। जिसके तहत अवैध कब्जाधारियों को नोटिस जारी कर यहां से हटने के निर्देश दिए थे। 2 अगस्त को डेडलाइन खत्म होने के बाद शुक्रवार को कार्रवाई की गई है। इसके अलावा टक्का रोड पर भी अवैध कब्जे की शिकायत मिली है। जिसे एक हफ्ते में हटाया जाएगा।