Follow Us:

राफेल डील पर रिंग में उतरीं कांग्रेस-बीजेपी, सुक्खू ने सांसद अनुराग को ललकारा!

नवनीत बत्ता |

लोकसभा में हुए राफेल विवाद पर कांग्रेस लग़ातार आक्रमक रूख अख़्तियार किए हुए हैं। सांसद अनुराग ठाकुर के बयान पर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंदर सिंह सुक्खू ने सवाल उठाते हुए जनता को बरगलाने के आरोप लगाए हैं। सुक्खू ने कहा कि राफेल डील पर बीजेपी की खटिया खड़ी हो गई है और लोकसभा के मुख्य सचेतक अनुराग के पास खुद तथ्यों का आभाव है। वे जनता को आधा सच बताकर बरगलाने की असफल कोशिशों में जुटे हैं।

सुक्खू ने कहा कि 'सांसद को हिम्मत है तो वे जनता को बताएं कि किसे फ़ायदा पहुंचाने के लिए बीजेपी ने इतनी महंगी डील की। किसके दबाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को फ्रांस जाना पड़ा और अचानक डील का दाम 3 गुणा बढ़ गया। ये बढ़ा हुआ दाम जिस-जिस के जेब में गया है, उसपर से जल्द पर्दा उठ जाएगा। अनुराग को जनता को ठगने का कोई अधिकार नहीं है।

प्रधानमंत्री पर भी साधा निशाना

सुक्खू ने कहा कि विमान ख़रीद में बीजेपी की ये डील स्वतंत्र भारत का सबसे बड़ा घोटाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का इसपर जवाब देते नहीं बन रहा और उन्होंने पूरी तरह से मौन धारण कर लिया है। जब तक प्रधानमंत्री मोदी अपनी चुप्पी तोड़कर गुनाहगारों के नाम नहीं बताते तब तक कांग्रेस राफेल डील पर सवाल उठाती रहेगी और सारा सच सामने लाकर रहेगी।