Follow Us:

नाहन: तेंदुए ने गाय को बनाया शिकार, लोगों में दहशत का माहौल

समाचार फर्स्ट |

नाहन के पौडीवाला गांव में तेंदुए ने एक पालतू गाय को अपना शिकार बना लिया। जिस कारण इन दिनों लोग तेंदुए के आतंक के कारण खौफ के साए में जीने को मजबूर हैं। तेंदुए ने इलाके में अपना आतंक मचा रखा है। तेंदुए के डर से ग्रामीणों ने शाम होते ही अपने घरों से बाहर निकलना बंद कर दिया है। जानकारी के अनुसार गांव के पशुपालक रजनीश की पालतू गाय खेत में घास चर रही थी तभी तेंदुए ने उस पर हमला कर दिया।

इस दौरान गाय की आवाज सुनकर रजनीश ने मौके पर पहुंचकर जैसे-तैसे तेंदुए को वहां से भगाया। पशुपालक ने कहा कि एक साल के भीतर तेंदुआ उनकी 2 गऊओं को निवाला बना चुका है। लोगों का कहना है कि वन विभाग से कई बार मांग की गई की तेंदुए को पकड़ा जाएं लेकिन, आज तक विभाग द्वारा उसको नहीं पकड़ा गया।

गांव के लोगों का कहना कि यहां पर पूरा क्षेत्र जंगल से सटा है। कई बार लोगों ने दोपहर में भी तेंदुए को देखा  है। तेंदुए के डर से गांववासी खेतों में भी काम करने से कतरा रहे हैं। उन्होंने वन विभाग से मांग की है कि जल्द से जल्द तेंदुए को पकड़ा जाए।