Follow Us:

मुख्यमंत्री समेत प्रदेश के बीजेपी नेताओं ने अटल जी को दी श्रद्धांजलि

समाचार फर्स्ट डेस्क |

भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने शोक जाहिर किया है। सीएम जयराम ठाकुर समेत प्रदेश बीजेपी के सभी नेताओं ने अटल जी के निधन को अपूर्णीय क्षति बताया है और उन्हें भावभिनी श्रद्धांजलि दी है…।

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर

मुख्यमंत्री जय राम ठाकुर ने भारत के पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।

अपने शोक सन्देश में मुख्यमंत्री ने कहा कि वाजपेयी एक महान और दूरदर्शी नेता थे, उनका देहावसान राष्ट्र के लिए एक अपूर्णीय क्षति है। उन्होंने कहा कि वाजपेयी ने हमेशा ही हिमाचल प्रदेश को अपना दूसरा घर माना और कुल्लू जिले के प्रीणी में भी उनका घर है। उन्होंने कहा कि राज्य के लोग वाजपेयी जी की हिमाचल प्रदेश तथा यहां के लोगों के प्रति उदारता और विशेष लगाव को हमेशा याद करेंगे और उनका निधन हिमाचल प्रदेश राज्य के लिए निजी तौर पर एक बड़ी क्षति है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि साल के अधिकांश समय शेष विश्व से कटी रहने वाली दुर्गम लाहौल घाटी के लिये रोहतांग सुरंग के निर्माण का विचार 1998 में वाजपेयी जी के मन में आया था। उन्होंने इस परियोजना के निर्माण की घोषणा 3 जून, 2000 को की थी। उन्होंने कहा कि यह परियोजना पूरी होने के कगार पर है और यह राज्य के लिये वाजपेयी जी का सबसे बड़ा उपहार होगा।
 

पूर्व मुख्य मंत्री प्रेम कुमार धूमल

पूर्व मुख्य मंत्री प्रेम कुमार धूमल ने अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर गहरा शोक जाहिर किया है। उन्होंने कहा कि अटल जी उन शख्सियतों में से थे जो किसी पार्टी विशेष नहीं बल्कि सभी के लिए आदर्श थे। वह जब भी मनाली आते थे तो सभी दलों के नेताओं से समान स्नेह के साथ मिलते थे। यह क्षति अब कभी पूरी नहीं की जा सकती।

बीजेपी सांसद अनुराग ठाकुर


अनुराग ठाकुर ने शोक व्यक्त करते हुए कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी के देहांत से देश को बहुत बड़ा झटका लगा है। उन्होंने कहा कि भारतीय राजनीति के एक बेहतरीन युग का अंत हुआ है। देश ने एक महान बेटा खोया है ,घृणा और द्वेश से परे की राजनीति के लिए अटल जी को देश सदा याद रखेगा।

बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती

बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष सतपाल सत्ती ने अटल जी के निधन पर शोक व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी देश के उन नेताओं में से रहे है जिन्होंने हर समाज के वर्ग पर अपनी छाप छोड़ी है। गरीब से लेकर अमीर तक उनको प्यार करते थे। उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश से उनका गहरा नाता था। उन्होंने मनाली के प्रीणी में अपना घर बनाया था और वह खराब स्वास्थय के कारण 2007 के बाद यहां नही आ पाए थे।

नरेंद्र ठाकुर विधायक हमीरपुर

 अटल जी के निधन पर शोक व्यक्त करते हुए बीजेपी विधायक नरेंद्र ठाकुर ने कहा कि वाजपेयी के देहांत से देश को बहुत बड़ा नुकसान हुआ है और इससे बड़ी दुखद बात कोई नही हो सकती। उनकी जगह की भरपाई करना असंभव है।