Follow Us:

चम्बा पठानकोट NH पर लैंडस्लाइडिंग, मलबे की चपेट में आया ट्रक

डेस्क |

चम्बा-पठानकोट NH पर शनिवार सुबह लैंडस्लाइड होने के चलते एक ट्रक मलबे की चपेट में आ गया। भूस्खलन के कारण ट्रक पूरी तरह से मलबे में दब गया, हांलाकि इस दौरान कोई जानी नुकसान नहीं हुआ। बहरहाल एनएच बंद होने के चलते एक बार फिर यहां वाहनों की आवाजाही बंद हो गई है।

NH प्रबंधन को सूचना मिलते सड़क बहाली के कार्य में जुट गए हैं। जानकारी के अनुसार ढुंढियार बंगला के पास पिछले कई दिनों से रूक-रूक कर लैंडस्लाइड हो रहा है। जिसके चलते यहां पर हर वक्त हादसे का अंदेशा बना हुआ है। ताजा घटनाक्रम में शनिवार सुबह सात बजे के आसपास यहां सड़क के किनारे खड़ा किया एक ट्रक लैंडस्लाइड की जद में आने से मलबे के नीचे दब गया है।

जिस वक्त ट्रक पर मलबा गिरा, उस दौरान भीतर कोई भी मौजूद नहीं था। बता दें कि इससे पूर्व भी इसी स्थान पर करीब 36 घंटे तक वाहनों की आवाजाही बंद रही थी। लिहाजा अब दोबारा यहां पर भूस्खलन होने के चलते यातायात फिर ठप पड़ गया है। जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।