Follow Us:

बीजेपी मंत्री का शर्मनाक बयान, राहुल गांधी को बताया ‘नाली का कीड़ा’

समाचार फर्स्ट |

केंद्रीय मंत्री और बीजेपी के वरिष्ठ नेता अश्विनी चौबे ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के लिए बेहद अपमानजनक भाषा का प्रयोग किया है। चौबे ने राहुल गांधी को नाली का कीड़ा कहा है। लोकसभा चुनाव में भले ही अभी काफी समय बाकी हो लेकिन चुनाव प्रचार के दौरान देखी जानेवाली अमर्यादित भाषा के रंग अभी से दिखने लगे हैं। चौबे ने यह विवादित बयान देकर राजनीतिक पारा चढ़ा दिया है।

अश्विनी चौबे बिहार के बक्सर से सांसद हैं। चौबे ने सासाराम में एक कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी की तारीफ करते-करते राहुल गांधी को 'नाली का कीड़ा' बता दिया। अश्विनी चौबे ने कहा, ''प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आकार गगन की तरह है, वर्तमान कांग्रेस अध्यक्ष नाली के कीड़े के समान हैं।''
 
चौबे ने अपने अमर्यादित भाषा को यहीं पर लगाम नहीं लगाया। उन्होंने राहुल गांधी को मेंटल सिजोफ्रेनिया (एक तरह से 'पागलपन') का रोगी कहा। चौबे ने कहा, "इस बीमारी में रोगी दूसरों को पागल कहता रहता है। राहुल अपने आपको महान, बौद्धिक और परफेक्ट बताते हैं। उन्होंने कहा कि मोदी जी राफेल सौदे पर झूठ बोल रहे हैं। मैं उनसे काफी आहत हूं। ऐसा वही व्यक्ति कह सकता है जो सिजोफ्रेनिया बीमारी से पीड़ित है। मुझे लगता है कि उन्हें मेंटल अस्पताल में भर्ती करना चाहिए।

लोकसभा चुनावों की सियासत के चलते अश्विनी चौबे ने महागठबंधन को महाठगबंधन का नाम दे दिया। उन्होंने कहा कि ये गठबंधन बनाने वाले नेताओं को जनता की हाय लगेगी। चौबे ने कहा कि कांग्रेस भ्रष्टाचार की जनक है। यह कोई महागठबंधन नहीं है, बल्कि महाठगबंधन है। भारत को प्रगतिशील प्रधानमंत्री की जरूरत है और महान और प्रगतिशील भारत बनाने के लिए पूरा देश एक है। इसलिए हम भी एक हैं। हम एक बार फिर से नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाएंगे।