पालमपुर के लाहला गांव से एक छात्रा के बाल कटने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि चोटी काटने वाला कोई और नहीं बल्कि एक कीड़ा है। जानकारी के अनुसार रविवार रात 8.30 बजे पालमपुर के लाहला गांव में रहने वाली 10वीं की छात्रा के सिर में अचानक दर्द उठा। दर्द के कारण वह जोर से चिल्लाई तो चीख सुनकर उसकी मां जब आई तो उसने देखा कि उसकी बेटी के बाल कटे हुए हैं और एक कीड़ा उसे लगातार काटे जा रहा है।
घर के लोगों ने बड़ी मुश्किल से उस कीड़े को वहां से हटाया। इस घटना से आसपास के लोग इकट्ठे हो गए। इस संदर्भ में पुलिस को सूचना दी गई। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कीड़े को पकड़ लिया है। लेकिन, अब ये देखना बाकी है कि बाल काटने की घटनाओं के पीछे ये कीड़ा है या फिर ये महज एक अफवाह है। इसका पता तो जांच के बाद ही चल पाएगा।
गौरतलब है कि इससे पहले ऊना, नाहन, पांवटा साहिब, ज्वाली, फतेहपुर और कांगड़ा के सदरपुर और सुलह में भी बाल काटने के मामले सामने आ चुके हैं।



