Follow Us:

हिमाचल में फिर बिगड़ा मौसम का मिजाज, तीन दिन तक होगी झमाझम बारिश

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में तीन दिन सूखे गुजरने के बाद अब फिर से मौसम करवट लेने वाले हैं। मौसम विभाग ने तीन दिन तक भारी बारिश की चेतावनी दी है। शनिवार यानी 22 सितंबर से सूबे में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बता दें कि शिमला में गुरुवार शाम को हल्की बारिश हुई थी। लेकिन बीते तीन से पूरे प्रदेश में धूप खिली रही।

मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने अनुमान जताया है कि 22 से 24 सितंबर तक प्रदेश के अधिकांश क्षेत्रों में भारी बारिश होगी। 25 सितंबर को भी बारिश की संभावना है। वहीं, इसके बाद मौसम शुष्क रहेगा।

सितंबर के अंत में प्रदेश से मॉनसून रुखसत होगा। बता दें कि हिमाचल में बीते तीन दिन से धूप खिलने से अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री बढ़ा है।

कांगड़ा और ऊना में सबसे अधिक बारिश

मॉनसून सीजन में अब तक प्रदेश भर में सामान्य बारिश हुई है। कांगडा, हमीरपुर और ऊना में अब तक सबसे ज्यादा बारिश हुई है। राजधानी शिमला में भी सामान्य से 14 प्रतिशत अधिक तक बारिश दर्ज की गई।