Follow Us:

युकां के प्रदर्शन के बाद बैकफुट पर आई पुलिस, कार्यकर्ता पर लगी देशद्रोह की धारा हटाई

पी. चंद, शिमला |

नाहन में पीएम को लेकर नाहन में दीवारों पर की गई वॉल राइटिंग के मामले में पुलिस बैकफुट पर आ गई है। आज नाहन में युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर की अगुवाई में युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन के बाद पुलिस ने देशद्रोह की धारा हटा दी है।

अब पुलिस ने सार्वजनिक सम्पति को नुकसान पहुंचाने और आईपीसी की धारा 426 के तहत मामला दर्ज किया है। वहीं आरोपी ओपी ठाकुर को अदालत में पेश किया जाएगा। माना जा रहा है कि भारी दबाव के चलते पुलिस ने धारा को बदला है।

बता दें कि पीएम के खिलाफ दीवारों पर अपशब्द लिखे जाने के बाद पुलिस ने धारा 124(ए) के तहत मामला दर्ज किया था। इस मामले में शनिवार को युवा कांग्रेस के प्रदेश सचिव ओपी ठाकुर को गिरफ्तार किया गया। ओपी ठाकुर की गिरफ्तारी की खबर के बाद युकां प्रदेश अध्यक्ष मनीष ठाकुर समेत जिलाभर से सैंकड़ों कार्यकर्ता नाहन पहुंचे और सदर पुलिस थाना के बाहर पुलिस प्रशासन और विधानसभा अध्यक्ष डॉ राजीव बिंदल के खिलाफ नारेबाजी शुरू कर दी।

एएसपी वीरेंद्र सिंह ठाकुर ने कहा कि 124 (ए) हटा दी गई है। पुलिस ने आईपीसी की धारा 426 के साथ सार्वजनिक सम्पति को नुकसान पहुंचाने का केस दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मामले में गिरफ्तार ओपी ठाकुर को कोर्ट में पेश किया जाएगा।