Follow Us:

किसानों को 15 दिन पहले मिलेगी मौसम की सटीक जानकारी, ब्लॉक स्तर पर जारी होगा वेदर फोरकास्ट

पी. चंद, शिमला |

हिमाचल मौसम विज्ञान विभाग ने किसानों की सुविधा के लिए बहुत जल्द ब्लाक स्तर पर फोरकास्ट करने जा रहा है। जिससे किसान को मौसम की सही जानकारी मिल सके और किसान अपनी बिजाई बुआई व अन्य खेती से संबंधी तैयारी समय रहते कर सके। मौसम विभाग ने प्रदेश के किसानों को मौसम की सटीक जानकारी देने के लिए प्रदेश में 3 डाप्लर राडार स्थापित करने का फ़ैसला लिया है। जिससे प्रदेश के  किसानों को बारिश, बर्फबारी, आंधी-तूफान और सूखे जैसी प्राकृतिक गतिविधियों की सटीक जानकारी मिल सकेगी। शिमला में आयोजित जीकेएमएस (ग्रामीण कृषि मौसम सेवा) पर सम्मेलन में हिमाचल मौसम विभाग ने किसानों से ये जानकारी सांझा की।

भारत सरकार के मौसम विज्ञान विभाग, पृथ्वी विज्ञान मंत्रालय (एमओईएस) और मौसम विज्ञान केंद्र शिमला द्वारा आईएमडी और कृषि के बीच के अंतर को दूर करने के लिए सम्मेलन का आयोजन किया गया। हिमाचल प्रदेश में किसानो को मौसम की मार के चलते हर साल करोडो रुपये का नुक्सान उठाना पड़ता है। कई बार भारी बारिश तो कई बार सूखे के कारण किसानो की फसल ख़राब हो जाती है।

हिमाचल प्रदेश मौसम विभाग ने किसानों को 15 दिन का पूर्वानुमान देने का फैसला लिया है। विभाग अब किसानों को पंचायत स्तर पर भी बारिश, बिजली कड़कना, आंधी तूफान और बारिश की जानकारी एसएमएस के माध्यम से देने जा रहा है जिससे किसान को ज्यादा फायदा मिल सके।

वहीं, सम्मेलन में भाग लेने पहुंचे किसान और पर्यावरणविद ने कहा कि हिमाचल प्रदेश का मौसम विभाग किसानों के लिए काफी अच्छा काम कर रहा है लेकिन सरकार की तरफ से किसानों को किसी भी प्रकार की सहायता नहीं मिल रही है। जिससे किसानों को भारी नुकसान उठाना पड़ता है।

किसानों को मौसम की जानकारी फसलों और जगह को ध्यान में रखते हुए सप्ताह में दो बार दी जाती है। यह जानकारी किसानों को हर मंगलवार और शुक्रवार को एसएमएस के माध्यम से दी जाती है, किसानों को जिला स्तर के मौसम के बारे में अगले 5 दिनों की जानकारी दी जाती है जिसमें बारिश, अधिकतम तापमान, न्यूनतम तापमान, हवाओं की गति, आद्रता आदि के बारे में अनुमान बताया जाता है जबकि राज्य स्तर के मौसम की जानकारी 15 दिनों तक की दी जाती है।