Follow Us:

मानसून सत्र: हिमाचल में हेल्थ साईंस यूनिवर्सिटी खोलने का प्रस्ताव पास

पी. चंद, शिमला |

विधानसभा के मानसून सत्र में प्रश्नकाल शुरू होने के बाद स्वास्थ्य मंत्री ठाकुर कौल सिंह ने हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय विधेयक 2017 का प्रस्ताव सदन में रखा। इस प्रस्ताव को सदन में सर्वसम्मति से पारित कर दिया गया। इस बिल के समर्थन में विपक्ष भी खड़ा नज़र आया।

नेता विपक्ष प्रेम कुमार धूमल ने भी इस बिल का समर्थन किया और कहा कि विज्ञान विश्वविद्यालय की हिमाचल को जरूरत थी। लेकिन, सरकार ये भी तय करे कि विज्ञान विश्वविद्यालय में फीस का ढांचा सस्ता हो, ताकि गरीब छात्रों को फायदा मिले। जवाब में कौल सिंह ने भरोसा दिया कि इस पर विचार किया जाएगा, यदि सरकार के पास साधन हुए, तो फीस कम की जाएगी। उन्होंने बताया कि अभी भी हिमाचल प्रदेश में सैकड़ों डॉक्टरों की जरूरत है। विश्वविद्यालय खुलने से हिमाचल के छात्रों और लोगों को फायदा मिलने के साथ मेडिकल के क्षेत्र में भी प्रगति होगी।

हिमाचल प्रदेश स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय विधेयक पारित होने के बाद मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और विपक्ष के नेता ने धन्यवाद प्रस्ताव पारित किया। अंत में विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि चार दिन में छह विधेयक लाए गए, जिनमें एक ही पारित हो पाया है। विधानसभा अध्यक्ष के धन्यवाद प्रस्ताव के बाद राष्ट्रगान के साथ सदन की कार्यवाही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित की गई।