Follow Us:

अनियंत्रित होकर नहर में गिरी बस, 25 लोगों की मौत

समाचार फर्स्ट |

कर्नाटक के मंड्या में एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। हादसे में एक निजी बस के वीसी नहर में गिरने से 25 लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हो गए हैं। मृतकों की संख्या में बढ़ोतरी हो सकती है। रेस्क्यू टीम और स्थानीय लोग नहर में से लोगों को निकालने में जुटे हुए हैं।

जानकारी के अनुसार मांड्या जिले में कावेरी नदी से निकलने वाली वीसी नहर में एक प्राइवेट बस अनियंत्रित होकर जा गिरी। इस घटना में लोगों को संभलने का समय भी नहीं मिला और सब पानी में डूबने लगे। फिलहाल बस में सवार 25 लोगों की मौत की बात सामने आई है। मृतकों का यह आंकड़ा बढ़ भी सकता है। मरने वालों में बच्चे और महिलाएं भी शामिल हैं।

मौके पर पुलिस और स्थानीय अधिकारियों के अलावा अन्य लोग भी मदद और बचाव में जुट गए हैं। बताया जा रहा है कि इस हादसे में एक युवक चलती बस से कूद गया जिसकी वजह से वो बच गया। पुलिस के अनुसार फिलहाल वो युवक सदमे में है, सही होने पर उस से बस में सवार लोगों की संख्या का पता किया जाएगा।

घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने के तुरंत बाद आसपास के लोग फौरन घटनास्थल पर पहुंचे और रस्सी की सहायता से लोगों को नहर से बाहर निकालने का कार्य शुरू कर दिया। जानकारी पर पुलिस और एंबुलेंस मौके पर पहुंची जिसके बाद घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया।