Follow Us:

पत्नी से झगड़े के बाद पिता ने किया 3 साल की मासूम का रेप, हालत गंभीर

समाचार फर्स्ट |

गुड़गांव में एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां सरस्वती एनक्लेव कॉलोनी में एक पिता ने अपनी 3 साल की मासूम का रेप कर डाला। बच्ची को गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घटना के बाद से आरोपी पिता फरार है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर तलाश शुरू कर दी है।

पुलिस जानकारी के अनुसार आरोपी मानेसर में कैंटर चलाता है। उसके घर में पत्नी और 2 बेटियां हैं इनमें एक की उम्र 3 साल जबकि दूसरी की उम्र 1 साल है। बुधवार की रात को पति-पत्नी के बीच झगड़ा हो गया । झगड़े के बाद पत्नी अपनी 1 साल की बेटी को लेकर पास में ही रहने वाली अपनी बुआ के घर चली गई जबकि दूसरी बेटी घर पर ही थी।

कहा जा रहा है कि इस बीच पिता ने अपनी 3 साल की बेटी के साथ रेप किया। गुरुवार सुबह को जब महिला घर वापस आई तो उसका पति घर में नहीं था। महिला ने कमरे में जाकर देखा तो उसकी बेटी बेसुध होकर पड़ी थी। बेटी की हालत देख महिला समझ गई की उसके साथ कुछ गलत हुआ है। महिला बच्ची को अस्पताल ले गई और उसके बाद पुलिस के पास पहुंची और घटना की सारी जानकारी बताई।

मामले की पुष्टि करते हुए सेक्टर-10 थाना प्रभारी यशवंत ने बताया कि पॉक्सो ऐक्ट के तहत एफआईआर दर्ज आरोपित को बुधवार शाम गिरफ्तार कर लिया गया। शुक्रवार को उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा। यशवंत यादव ने कहा, 'आरोपी पिता ने पहले तो रेप के आरोपों को खारिज किया लेकिन बाद में स्वीकार कर लिया। उसे सिटी कोर्ट में पेश किया जाएगा।