Follow Us:

शिमला: थाने में पूछताछ के लिए बुलाए गए नाइजीरिया के पर्यटक ने पुलिस कर्मी को पीटा, अस्पताल में भर्ती

पी. चंद, शिमला |

शनिवार की रात राजधानी के ढली थाने में पूछताछ के लिए बुलाए गए एक विदेशी पर्यटक ने हेड कांस्टेबल को बुरी तरह पीट दिया। आरोपी ने हेड कांस्टेबल पर मुक्कों की बरसात कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। आसपास मौजूद अन्य पुलिस कर्मियों ने युवक को काबू कर गिरफ्तार किया। वहीं घायल पुलिस कर्मी को अस्पताल में दाखिल कराया गया है।

आरोपी विदेशी पर्यटक नाइजीरिया का नागरिक है और उसका नाम ईष्याह है। वह शिमला घूमने आया था और पुलिस पड़ताल में उसका वीज़ा सही पाया गया है।

पुलिस ने बताया कि शनिवार देर शाम नाइजीरियन नागरिक ढली टनल के पास हुड़दंग मचा रहा था और उसने एक टैक्सी को नुकसान पहुंचाने की भी कोशिश की। टेक्सी चालक ने इसकी सूचना ढली थाने में दी। हैडकांस्टेबल योगेश के नेतृत्व में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और उसे थाने ले जाया गया। यहां उसने अचानक हैड कांस्टेबल योगेश पर मुक्कों की बरसात कर दी।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आईपीसी की धाराओं 427, 332 और 353 के तहत एफआईआर दर्ज की है और आज उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा।