Follow Us:

300 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, बाप- बेटी की मौके पर मौत, दो लोग घायल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

रामपुर के तकलेच बाहली मार्ग पर चौकानाला के पास एक कार 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस सड़क दुर्घटना में जहां पिता- बेटी की मौत हो गई है, वहीं दो लोग घायल हैं। दोनो घायलों को रामपुर के नजदीकी महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर में भर्ती कराया गया है।

जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुए चन्द्र सैन कैथयन निवासी दोफदा बाहली में अपनी नाती का जन्मदिन मनाने गए थे। चन्द्र सैन के साथ कार में उनकी दूसरी बेटी और दो अन्य रिश्तेदार भी थे। ये सब जन्मदिन पार्टी के बाद एक शादी समारोह के लिए चल गए। इस समारोह से लौटते हुए वे चौका नाला में दुर्घटना का शिकार हो गए।

डीएसपी रामपुर अभिमन्यु वर्मा ने बताया कि गुरुवार शाम चौका नाला में एक कार करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। डीएसपी अभिमन्यु वर्मा के अनुसार इस हादसे में चन्द्र सैन कैथयन और उनकी बेटी रीमा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इसी गांव के मनोज कुमार और उच्ची गांव के तिलक राज रामपुर के महात्मा गांधी चिकित्सा सेवा परिसर में भर्ती है।

चौका ग्रामीण गाड़ी के गिरने की आवाज सुनते ही दुर्घटना स्थल की ओर भागे और दो घायलों को सड़क मार्ग तक पहुंचाया। अंधेरा और बर्फबारी होने के कारण घायलों को खोजना मुश्किल था। इसी बीच रामपुर थाने से भी पुलिस मौके के लिए रवाना हुई। काफी मशक्कत के बाद शवों को खोजा जा सका। दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है।