Follow Us:

अस्पताल में आग लगने से 8 लोगों की मौत,150 से ज्यादा लोग झुलसे

समाचार फर्स्ट |

मुंबई के अंधेरी इलाके में सोमवार शाम ईएसआईसी कामगार अस्पताल में भीषण आग लगने से 8 लोगों की झुलसकर मौत हो गई, जबकि 150 से ज्यादा लोग गंभीर रूप से झुलस गए। मरने वालों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। मरने वालों में दो महीने का एक नवजात भी शामिल है। अब तक 150 लोगों को बचाया जा चुका है।

बताया जा रहा है कि हादसा शाम करीब 4 बजे पेश आया। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। मौके पर 10 फायर टेंडर, 16 ऐंबुलेंस और 1 रेस्क्यू वैन बचाव व राहत कार्य में जुटे। आग में गंभीर रूप से झुलसे 7 लोगों को ट्रॉमा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। खबर के अनुसार, 30 लोगों को सेवन हिल्स हॉस्पिटल और 40 लोगों को होली स्पिरिट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके अलावा कूपर अस्पताल में 15 लोग, जोगेश्वरी स्थित पी ठाकरे अस्पताल में 23 लोग भर्ती हैं।

वहीं केन्द्रीय श्रम मंत्री संतोष गंगवार ने मुंबई के ईएसआईसी अस्पताल में भारी आगजनी में मारे गये लोगों के परिवार वालों को 10-10 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है। श्रम मंत्रालय ने एक बयान में कहा है कि दुर्घटना में मारे गये लोगों के परिवार वालों को 10-10 रुपए का मुआवजा दिया जाएगा। गंभीर रूप से घायल लोगों को दो-दो लाख रुपये और मामूली रूप से घायल लोगों को एक-एक लाख रुपया देने की घोषणा की है।