Follow Us:

मनाली: बेकाबू होकर सड़क से नीचे लुढ़की वैन, महिला की मौत

डेस्क |

क्रिसमस का दिन हिमाचल में हादसों का दिन बनकर सामने आया है। आज प्रदेश में कई जगहों पर सड़क हादसे पेश आए हैं। जिनमें कई लोगों की जान चली गई। ताजा मामला पर्यटन नगरी मनाली के साथ लगते लरांकेलो में पेश आया है। जहां पर एक वैन अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे लुढ़क गई। जिसमें एक महिला की मौत और एक अन्य महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। जबकि, तीन अन्य को आंशिक चोटें पहुंची हैं।  जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। 

जानकारी के अनुसार जब क्षेत्र के ये लोग (HP-49-3446) में घर से नग्गर की तरफ जा रहे थे कि लरांकेलो के पास वैन दुर्घटनाग्रस्त होकर सड़क से करीब 200 मीटर नीचे जा गिरी। एएसपी कुल्लू राज कुमार चंदेल ने बताया कि पुलिस ने घटना की सूचना मिलने के बाद शव को कब्जे  में ले लिया है और घटना के कारणों की छानबीन शुरू कर दी है। 

एएसपी ने बताया कि हादसे में मृतका की पहचान मूर्तू देवी (45) निवासी धारा शरण के रूप में हुई जबकि इंदिरा देवी गंभीर रूप से घायल है। आंशिक रूप से घायलों में आत्मा राम, प्रेम चंद और चालक गोपाल चंद शामिल है जिन्हें अस्पताल से प्राथमिक उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है।