Follow Us:

उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जारी, जम गई कई झीलें

समाचार फर्स्ट डेस्क |

प्रदेश सहित उत्तर भारत के कई इलाकों में इस बार कड़ाके की ठंड पड़ रही है। यहां जम्मू कश्मीर, हिमाचल, उत्तराखंड जैसे पहाड़ी राज्यों में तो हालात और भी खराब हैं। यहां कई जगह नदी, नाले और झील जम चुके हैं। प्रदेश के लाहौल स्पीति में चंद्रा नदी जम रही है। इस समय -24 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है। यहां पानी में बर्फ की सिल्लियां देखने को मिल रही हैं।

साथ ही राज्य की सिस्सू झील, नीलकंठ झील, दीपक ताल, सूरज ताल भी पूरी तरह से जम गए हैं। श्रीनगर की डल लेक का पानी भी जमता दिख रहा है। यहां के एक मात्र बिजली पावर प्रोजेक्ट थिरोट में भी पानी की कमी के चलते बिजली उत्पादन गिरा है।

गौरतलब है कि श्रीनगर में मंगलवार रात को न्यूनतम तापमान -7 रिकॉर्ड किया गया। वहीं द्रास में पारा -27 तक पहुंचा है। देश की राजधानी दिल्ली में पारा गिरकर 3.6 डिग्री सेल्सियस पर जा पहुंचा। जो इस मौसम का सबसे कम तापमान बताया जा रहा है। मौसम विभाग का कहना है कि 28 दिसंबर के बाद पारा गिरकर 3.0 डिग्री सेल्सियस तक जा सकता है।

पंजाब और हरियाणा में भी शीतलहर का प्रकोप देखने को मिल रहा है। बुधवार को अमृतसर में न्यूनतम तापमान 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है। पठानकोट में पारा 2.9, लुधियाना में 2.8, फरीदकोट में 3.8, गुरुदासपुर में 3.5, बठिंडा में 4.5 और चंडीगढ़ में 5.5 डिग्री सेल्सियस रहा। साथ ही कोहरे के कारण सिरसा, भिवानी, रोहतक, झज्जर और अंबाला सहित दोनों राज्यों में कई जगहों पर दृश्यता कम रही।

मौसम विज्ञानियों ने बताया कि हरियाणा और पंजाब में अगले कुछ दिनों में शीतलहर का असर जारी रहेगा। जबकि राजस्थान में न्यूनतम तापमान में वृद्धि के बावजूद कुछ हिस्सों में शीतलहर के कारण सर्दी का असर बरकरार है।