Follow Us:

हरियाणा: एक महिला और दो बच्चों की मिली सिर कटी लाशें, ड्रम में ठूस रखे थे शव

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हरियाणा के भिवानी से शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहां एक महिला और दो बच्चों की सिर कटी लाशें बरामद हुई हैं। भिवानी- रोहतक हाईवे पर गांव खरक में सड़क किनारे ये लाशें मिली हैं। इन्हें एक ड्रम में ठूंस रखा था। बच्चों के शवों की हालत इतनी खराब बताई जा रही है कि लिंग की पहचान करना मुश्किल हो रहा है। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर छानबीन शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार खबर मिलते ही एसपी गंगाराम पूनिया और डीएसपी जगत सिंह मोर मौके पर पहुंचे। फोरेंसिक विभाग की टीम भी जांच के लिए बुलाई गई है। पुलिस ने ड्रम से तीनों शवों को निकलवाया और कब्जे में ले लिया है। शवों में एक बिल्कुल छोटा बच्चा है और दूसरे की उम्र 5 से 7 साल बताई जा रही है। तीनों के सिर कटे हुए हैं।

गौरतलब है कि एक बच्चे के दोनों हाथ कटे हुए हैं। फिलहाल शवों को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया गया है। अब पुलिस आसपास के इलाकों में पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कोई लापता हुआ है क्या। साथ ही शवों की शिनाख्त करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।