Follow Us:

इस साल 26 जनवरी को राजपथ पर नहीं दिखेगी हिमाचल की झांकी, केंद्र रक्षा मंत्रालय ने रद्द किया मॉडल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर होने वाली परेड में शामिल होने वाली सभी राज्यों की झांकियों में इस साल हिमाचल की झांकी नजर नहीं आएगी। हिमाचल से झांकी के लिए भेजे गए मॉडल को केंद्रीय रक्षा मंत्रालय ने रद्द कर दिया है।

बता दें कि इस साल प्रदेश संस्कृति विभाग ने महात्मा गांधी की हिमाचल की यात्राओं को लेकर झांकी का मॉडल गणतंत्र दिवस की परेड के लिए भेजा था, लेकिन रक्षा मंत्रालय ने हिमाचल की ओर से महात्मा गांधी पर बनाए इस मॉडल की झांकी को खारिज कर दिया है।

हालांकि झांकी का जो मॉडल प्रदेश से भेजा गया था उसे फाइनल राउंड में जा कर कैंसल किया गया है जिससे हिमाचल को झटका लगा है। ये पांचवा मौका था कि हिमाचल अपनी संस्कृति पर आधारित झांकी को 70वें गणतंत्र दिवस पर राजपथ पर दर्शा सकता था, लेकिन इस बार हिमाचल का ये अवसर चूक गया है।

गौरतलब है कि बीते साल हिमाचल ने राजपथ पर लाहौल-स्पीति की की गोंपा झांकी की झलक दिखा कर हिमाचल को अंतरराष्ट्रीय और राष्ट्रीय स्तर पर एक अलग पहचान दी थी, लेकिन इस बार इस प्रयास में विभाग को सफलता हासिल नहीं हुई है। बीते दो साल से हिमाचल की झांकी राजपथ के लिए चयनित हो रही थी।

इस बार भी प्रदेशवासियों को इस बात का बेसब्री से इंतजार था कि वो हिमाचल की झांकी को 26 जनवरी की गणतंत्र दिवस की परेड में राजपथ पर देखें। हिमाचल की अभी तक चार मर्तबा ही झांकिया राजपथ पर देखी गई है जिसमें 2007 ने लाहौल स्पीति, 2012 में किन्नौर, 2017 में चंबा रूमाल और 2018 में लाहौल स्पीति की की-गोंपा झांकी परेड में शामिल हुईं थी।