Follow Us:

मैक्सिको: तेल-गैस पाइपलाइन में विस्फोट, 73 लोगों की मौत, 74 घायल

समाचार फर्स्ट डेस्क |

मैक्सिको में तेल-गैस पाइपलाइन में विस्फोट के साथ भीषण आग लगने से अब तक 73 लोगों के मारे जाने की खबर है। 74 लोग घायल हुए हैं। करीब 80 लापता बताए गए हैं। भारतीय समयानुसार यह हादसा शनिवार सुबह हिडाल्गो कस्बे में हुआ है। वहां के गवर्नर उमर फयाद ने बताया कि स्थानीय लोग पाइपलाइन से तेल चुराने के लिए जमा हुए थे, तभी आग लग गई। हालांकि आग पर काबू पा लिया गया है।

मीडिया रिपोर्टस के मुताबिक, माना जा रहा है कि संदिग्ध लोगों ने शुक्रवार रात तेल चुराने के लिए पाइपलाइन तोड़ दी। पाइपलाइन में उस समय आग लग गई, जब सशस्त्र बलों की मौजूदगी में आसपास के दर्जनों लोगों में रिसाव स्थल के पास ईंधन इकट्ठा करने की होड़ मच गई।

राष्ट्रपति ने किया दौरा

राष्ट्रपति लोपेज ओब्राडोर ने शनिवार सुबह घटनास्थल का दौरा किया। स्थानीय मीडिया से बात करते हुए ओब्राडोर ने कहा, "इस अभियान को बंद करने की जगह तेल चोरी के खिलाफ अभियान को तेज किया जाएगा। इस समय सबसे अहम ये है कि घायलों का इलाज किया जाए, ताकि कुछ ज़िंदगियां बचाई जा सकें।"