Follow Us:

30 फुट दीवार फांद कर बाड़े में घुसा व्यक्ति, शेर ने कर दिया हमला- मौत

समाचार फर्स्ट डेस्क |

चंडीगढ़ के मशहूर चिड़ियाघर छतबीड़ से एक दर्दनाक हादसा पेश आया है। घटना के अनुसार 30 साल का व्यक्ति पंजाब के जिरकपुर में 30 फुट ऊंची दीवार फांद कर शेर के बाड़े में घुस गया। उस पर शेरों ने हमला कर दिया। घायल हालत में उसे अस्पताल में भर्ती किया गया। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हालांकि अब तक मृतक व्यक्ति की पहचान नहीं हो पाई है।

चिड़ियाघर के अधिकारियों के अनुसार, रविवार दोपहर एक 30 साल का व्यक्ति शेर और शेरनी के बाड़े में दीवार फांदकर घुस गया। वह कुछ समझ पाता कि इसके पहले ही उस पर शेरों ने हमला कर दिया। जब इस बात की खबर चिड़ियाघर के अधिकारियों को लगी तो वो मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि व्यक्ति के गर्दन पर जख्म के गहरे निशान हैं। उसे गंभीर हालत में सिविल अस्पताल ले जाया गया जहां उसकी मौत हो गई।

कुछ प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि लॉयन सफारी के पीछे बाड़े से कूदकर एक व्यक्ति अंदर घुस गया था। उसी दौरन शेर ने हमला किया। शेर उसका शव लॉयन सफारी के अंदर घसीटकर ले गया। वहां मौजूद लोगों ने शेर को हटाने के लिए शोर भी मचाया लेकिन शेर ने उस पर हमला कर दिया।

इसके बाद जू कीपर को इस घटना की जानकारी दी। अब तक यह साफ़ नहीं हो पाया है कि व्यक्ति शेर के बाड़े के अन्दर क्यों घुसा था। उसकी पहचान की जा रही है। इस घटना के बाद वन विभाग के कर्मियों ने शेरों को पिंजरों में बंद कर दिया है।