छत्तीसगढ़ के रायपुर में हुई नेशनल किक बॉक्सिंग प्रतियोगिता में हिमाचल की बेटी ने गोल्ड जीत कर प्रदेश का नाम रोशन किया है। छोटी सी आयु में आर्या ने बिलासपुर ही नहीं, बल्कि प्रदेश के लिए गोल्ड मेडल जीतकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने हुनर का प्रदर्शन करने के लिए दस्तक दे दी है।
व्यास ज्योति क्रिकेट अकादमी में कोच मनोज पटियाल की देखरेख में खेल की बारीकियों से रूबरू हो रही आर्या शर्मा ने बताया कि रायपुर में यह प्रतियोगिता 6 से 10 सितंबर तक चली। यहां देश भर की प्रतिभाओं ने हिस्सा लिया। राष्ट्र स्तर पर इस प्रकार की उपलब्धि सहज नहीं थी, लेकिन गुरु मनोज पटियाल के कुशल मार्गदर्शन तथा माता-पिता के आशीर्वाद से उन्होंने हर बाधा को पार किया। अंत में गोल्ड मेडल प्रदेश की झोली में डालकर इस सपने के साथ विजयी अभियान की शुरुआत की।
इंजीनियर पंकज शर्मा और जिला अस्पताल में कार्यरत स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. अनुपम शर्मा की पुत्री आर्या शर्मा आठवीं की छात्रा है। डॉ. अनुपम शर्मा तथा इंजीनियर पंकज शर्मा ने बताया कि आर्या को खेलों में अत्यधिक रुचि है। इसकी प्रतिभा को निखारने के लिए घर से पूरा सहयोग मिलता है। खेलों और पढ़ाई के अतिरिक्त आर्या को चित्रकारी और कहानियां पढ़ने का शौक है।



