Follow Us:

HRTC कर्मचारियों को जल्द जारी होगा 3 फ़ीसदी महंगाई भत्ता

पी. चंद, शिमला |

हिमाचल प्रदेश पथ परिवहन निगम के सभी कर्मचारियों को जल्द 3 फीसदी महंगाई भत्ता जारी किया जाएगा। कर्मचारियों को चिकित्सा भत्ता हेतु 1 करोड़ रुपये जारी कर दिये गए हैं। इसके साथ ही सेवानिवृत कर्मचारियों को महंगाई भत्ता 130 से बढ़ाकर 134 किया जाएगा। ये वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू मानी जाएगी। ये बात परिवहन मंत्री गोविंद सिंह ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही।

दिसम्बर, 2016 तक सभी सेवानिवृत कर्मचारियों के सेवानिवृत लाभों का भुगतान तीन माह के भीतर किया जाएगा। वर्तमान में भारतीय सेना के शहीद हुए वीरों के परिवारों को दी जा रही मुफ्त यात्रा सुविधा का विस्तार किया है। अब यह सुविधा इन शहीदों के माता-पिता और 18 साल तक के बच्चों को न केवल प्रदेश में बल्कि प्रदेश के बाहर भी दी जाएगी। अब यही सुविधा अर्द्धसैनिक बलों के शहीद हुए जवानों के परिवारों अर्थात माता-पिता, पत्नी और 18 वर्ष तक की आयु तक के बच्चों को भी दी जाएगी। यह सुविधा सभी साधारण और डीलक्स बसों में उपलब्ध रहेगी।

वर्तमान में निगम द्वारा नवम्बर, 2017 तक सेवानिवृत कर्मचारियों को ही पेंशन जारी की गई है। शेष सभी कर्मचारियों को अप्रैल, 2019 के अन्त तक पेंशन जारी की जाएगी, जिसके लिए धन राशि का प्रबन्ध किया जाएगा। इसके साथ ही चालकों और परिचालकों के बकाया अतिरिक्त समय भत्ते का भुगतान भी अप्रैल 2019 तक किया जाएगा।