Follow Us:

बनखंडी में मिले I LOVE पाकिस्तान लिखे गुब्बारे, मचा हड़कंप

मृत्युंजय पूरी |

देहरा विधानसभा क्षेत्र के बनखंडी में पाकिस्तानी गुब्बारे के मिलने से हड़कंप मच गया है। गुब्बारे पर आई लव पाकिस्तान लिखा हुआ है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है। एक गुब्बारा तो सही हालत में मिला है, वहीं दो गुब्बारे फटे हुए मिले हैं।

बता दें कि बनखंडी निवासी पूनम देवी पत्नी मिलाप चंद सुबह अपने बच्चों को स्कूल छोड़ने जा रही थी तो उन्होंने अपने घर के पास खेतों में गुब्बारा पड़ा देखा। जब करीब जाकर देखा तो गुब्बारे पर आई लव पाकिस्तान लिखा था। वह गुब्बारे को देखकर घबरा गईं और इस बारे में घरवालों को बताया।

पूनम देवी के घरवालों ने आसपास के लोगों को इसकी सूचना दी। लोगों ने बनखंडी के उपप्रधान विजय कुमार को जानकारी दी। उपप्रधान विजय कुमार ने रानीताल पुलिस चौकी को इस बारे सूचित किया। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर गुब्बारे को कब्जे में ले लिया है और छानबीन शुरू कर दी है।

मामले की पुष्टि करते हुए डीएसपी देहरा एलएम शर्मा ने बताया कि हो सकता है ये गुब्बारे हवा के कारण यहां उड़ कर पहुंचे होंगे। फिर भी पुलिस मामले की जांच कर रही है।