Follow Us:

सुंदरनगर में आधी रात को लगे पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे! फैली दहशत

पी. चंद |

सुंदरनगर में पाकिस्तान जिंदाबाद के नारे लगने से उस समय दहशत फैल गई जब देर रात तकरीबन 2-3 बजे के बीच एक वाहन में सवार नारे लगाते हुए भोजपुर बाजार से मंडी की ओर गुजरे। इस दौरान देश विरोधी पाकिस्तान जिंदाबाद के नारों की गूंज सुन कर कुछ लोग जाग गए। लेकिन देर रात होने के चलते बाहर आने की हिम्मत नहीं जुटा पाए।

नाम ना छापने की शर्त पर घटना की जानकारी देते हुए एक शख्स ने बताया कि रात तकरीबन 2 बजकर 45 मिनट का समय रहा होगा कि वह नेशनल हाईवे से सटे अपने घर में थे कि इस दौरान जब पाकिस्तान के समर्थन में नारे लगने की आवाज सुनी तो वह नींद से जाग गए और यह आवाज थोड़ी देर बाद बन्द हो गई। इसके बाद उनकी बेटी भी उठ गई। दहशत के चलते वह काफी देर तक जागते रहे।

वहीं घटना की जानकारी सुबह सावर्जनिक होते ही ख़ुफ़िया एजेंसियां, पुलिस और प्रशासन भी सक्रिय हुआ और मामले की खोजबीन में जुटा रहा है। मामले की पुष्टि करते हुए सुंदरनगर थाना प्रभारी गुरबचन सिंह ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है। सभी पहलुओं को मद्देनजर रखते हुए तथ्य जुटाए जा रहे हैं।

प्रदेश में सक्रिय हैं देश विरोधी ताकतें

इस घटना पर विश्व हिन्दू परिषद के प्रान्त अध्यक्ष लेख राज राणा ने कड़ी निंदा करते हुए प्रशासन और पुलिस से जहां मामले की कड़ी छानबीन की मांग की है वहीं उन्होंने पुलिस प्रशासन को कहा कि प्रदेश में लगातार देश विरोधी ताकतें सक्रिय हैं और प्रदेश कि शांति भंग करने का प्रयास किया जा रहा हैं। रोहड़ू, नगरोटा, कुल्लू, पालमपुर सहित प्रदेश भर में इस तरह की घटनाएं सामने आ चुकी हैं। लेकिन बार बार मांग के बावजूद सभी मूक दर्शक बने हैं।

उन्होंने चेतावनी दी है कि यदि पुलिस प्रशासन प्रवासियों की पहचान गहनता से नहीं करता है और असमाजिक तत्वों और पाकिस्तान समर्थकों के खिलाफ प्रदेश भर में सख्त कार्रवाही नहीं करता है तो विश्व हिन्दू परिषद अपने स्तर पर मुहिम छेड़ेगी।