पूर्व मंत्री चौधरी विद्या सागर का निधन हो गया है। वह काफी समय से बीमार चल रहे थे। उन्होंने कांगड़ा के साथ लगते गांव में अपने आवास में 12 बजे अंतिम सांस ली। चौधरी विद्यासागर का अंतिम संस्कार 2 बजे इच्छी स्थित जमानाबाद रोड में किया जाएगा। चौधरी विद्या सागर चार बार कांगड़ा से विधायक रहे हैं। वह शांता कुमार के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार और बाद में प्रेम कुमार धूमल की सरकार में भी मंत्री रहे हैं।
उन्होंने पहला चुनाव 1982 में कांगड़ा विधानसभा क्षेत्र से लड़ा और जीत दर्ज करवाई। उसके बाद1985 और 1990 में भी जीतकर विधानसभा पहुंचे। वर्ष 1993 में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था। 1998 में वह दोबारा कांगड़ा से चुनकर विधानसभा पहुंचे और धूमल सरकार में मंत्री रहे। पिछले दिनों मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी उनसे भेंट कर कुशल क्षेम जाना था।
कर्मचारी नेता से राजनीति में कदम रखने वाले चौधरी विद्या सागर के दो बेटे हैं। ओबीसी समुदाय से ताल्लुक रखने वाले चौधरी विद्या सागर के निधन पर समस्त ही बीजेपी और कांग्रेस नेताओं सहित पूर्व मंत्री जीएस बाली ने गहरा दुख व्यक्त किया है।