Follow Us:

तीसरे दिन भी एयर इंडिया का सर्वर डाउन, दिल्ली एयरपोर्ट पर फंसे हजारों यात्री

समाचार फर्स्ट डेस्क |

इमिग्रेशन सर्वर डाउन होने की वजह से दिल्ली के इंदिरा गांधी अतंरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यात्रियों की लंबी लाइने देखने को मिली। तीसरे दिन भी सर्वर डाउन होने के कारण एयरलाइन की भारत समेत दुनिया भर में उड़ाने प्रभावित हुई। इसी वजह से दिल्ली, मुंबई समेत अन्य देशों और दुनिया के कई एयरपोर्ट पर हजारों यात्री फंस गए। समस्या के समाधान के लिए आव्रजन प्राधिकरण ने यात्रियों को कोई तय समय-सीमा नहीं दी थी।

हालांकि अब इस समस्या का निदान हो गया है और सर्वर का परिचालन शुरू हो गया है। सर्वर डाउन होने की वजह से छह उड़ाने आधे घंटे की देरी से और दो एक घंटे से ज्यादा की देरी से उड़ान भरेंगी। यह पहली बार नहीं है जब सर्वर डाउन होने की वजह से यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ा। इससे पहले एयर इंडिया का सर्वर शनिवार तड़के पांच घंटे से ज्यादा समय तक डाउन रहा। जिसकी वजह से 155 उड़ानें प्रभावित हुईं और इनमें औसतन दो घंटे की देरी हुई।

तकनीकी गड़बड़ी से दुनियाभर में हजारों यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शनिवार रात 8.30 बजे तक की शिड्यूल उड़ानों पर इसका असर पड़ा। एयर इंडिया समूह रोजाना करीब 674 उड़ानें संचालित करता है। एयर इंडिया के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक अश्वनी लोहानी ने कहा था कि शनिवार तड़के 3.30 बजे से 8.45 बजे तक पैसेंजर सर्विसेज सिस्टम (पीएसएस) सॉफ्टवेयर में गड़बड़ी आ गई थी।

उन्होंने बताया था कि ‘सीता’ द्वारा संचालित सॉफ्टवेयर के नहीं चलने से दुनियाभर में रिजर्वेशन, चेक इन और बैगेज सिस्टम ठप पड़ गया। कई जगह मैनुअल तरीके से काम करने की कोशिश की गई लेकिन सफलता नहीं मिली। करीब सवा पांच घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद इसे सुबह 8.45 बजे ठीक किया जा सका लेकिन तब तक 85 उड़ानें प्रभावित हो चुकी थीं।