Follow Us:

Election Result: हिमाचल की चारों सीटों पर BJP का कब्जा, कांग्रेस को मिली करारी हार

नवनीत बत्ता |

हिमाचल में चारों लोकसभा सीटों पर बीजेपी ने कब्जा जमाया है। वहीं कांग्रेस को बड़ा झटका लगा है। हिमाचल में लोकसभा के चारों संसदीय क्षेत्रों में 18 जगह मतगणना हो रही है। लोकसभा चुनाव में हिमाचल की हमीरपुर संसदीय सीट से बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर के सिर जीत का ताज सजा है।

शिमला सीट से सुरेश कश्यप ने धनीराम शांडिल को हराया

शिमला लोकसभा सीट पर बीजेपी प्रत्याशी सुरेश कश्यप ने करीब 323000 सीट से धनीराम शांडिल को हराया है। सुरेश कश्यप ने 601306 वोट हासिल किए जबकि धनीराम शांडिल को 277647 वोट ही पड़े। शिमला संसदीय सीट से भाजपा प्रत्याशी सुरेश कश्यप को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ओक ओवर में लड्डू खिलाकर खुशी का इज़हार किया।

कांगड़ा सीट से किशन कपूर ने मारी बाजी

कांगड़ा संसदीय सीट से किशन कपूर ने 448073 वोटों से जीत हासिल कर कांग्रेस प्रत्याशी पवन काजल को हराया है। किशन कपूर ने 677828 वोट हासिल किए जबकि पवन काजल ने 233831 वोट हासिल किए। वहीं किशन कपूर की जीत के पीछे शांता कुमार का हाथ माना जा रहा है। उल्लेखनीय है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में शांता कुमार ने इस सीट से जीत दर्ज की थी। वहीं उनके शिष्य किशन कपूर को इस बार मैदान में उतारा गया था। किशन कपूर की जीत के साथ ही कांगड़ा में जीत के जश्न का माहौल है।

मंडी सीट से रामस्वरूप शर्मा के सिर सजा ताज

मंडी सीट पर भाजपा के मौजूदा सांसद व प्रत्याशी रामस्वरूप शर्मा ने 393151 वोट हासिल कर कांग्रेस के प्रत्याशी व सुखराम के पोते आश्रय शर्मा को हराया है। जिससे कांग्रेस को करारा झटका लगी है। यह सीट इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि यह मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर का गृहक्षेत्र भी है। रामस्वरूप शर्मा ने कुल 621651 वोट हासिल किए हैं जबकि आश्रय शर्मा को 232309 वोट पड़े।

अनुराग ठाकुर ने भारी वोटों से हासिल की जीत

अनुराग ठाकुर ने भारी वोटों से जीत दर्ज़ कर कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को मात दी है। इन चुनावों में जीत के साथ जहां अनुराग ने लगातार चौथी बार जीत का चौका लगाया वहीं रामलाल ठाकुर चौथी बार लोकसभा चुनाव हारे हैं। हमीरपुर सीट से अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को रिकॉर्ड तोड़ करीब 381419 मतों से हरा दिया है। बीजेपी प्रत्याशी अनुराग ठाकुर को कुल 654230 वोट पड़े हैं। वहीं कांग्रेस प्रत्याशी रामलाल ठाकुर को कुल 272811 वोट पड़े हैं। हालांकि चुनाव आयोग की ओर से नतीजे को लेकर औपचारिक ऐलान होना बाकी है। बता दें कि 2014 के लोकसभा चुनाव में अनुराग ठाकुर ने कांग्रेस प्रत्याशी राजेंद्र राणा को 98 हजार मतों से हराया था। उन्होंने इस बार हमीरपुर संसदीय सीट से जीत का चौका लगाया है।