Follow Us:

ऊना: कैदियों को लेने जा रही बस डिवाइडर से टकराई, एक कांस्टेबल घायल

रविंदर, ऊना |

ऊना से बनगढ़ कैदियों को लेने जा रही पुलिस विभाग की मिनी बस सोमवार को देहलां में अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। हादसे में जहां बस बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं बस में सवार एक पुलिस कांस्टेबल घायल हुआ है। जिसे उपचार के लिए क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसका उपचार जारी है। पुलिस ने भी मामले को लेकर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के मुताबिक बस ऊना से बनगढ़ में जेल कैदियों को लाने जा रही मिनी बस देहलां पहुंचने पर अनिंयत्रित होकर डिवाइडर में टकरा गई। हादसे में बस में सवार पुलिस कांस्टेबल राम गोपाल के पांव पर चोटें पहुंची है। जिसे अन्य पुलिस जवानों की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में भर्ती करवाया गया।

वहीं, सूचना मिलने के बाद मैहतपुर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने बस को साईड करवाया। डीएसपी हैडक्वार्टर अशोक वर्मा ने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है। घायल कांस्टेबल का क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में उपचार करवाया जा रहा है।