Follow Us:

हिमाचल दौरे के बाद शिंदे होंगे पुणे रवाना, हाईकमान के साथ फिलहाल बैठक नहीं

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल के कांग्रेस प्रभारी सुशील कुमार शिंदे 26 से 28 सितंबर तक प्रदेश के दौरे पर रहेंगे। सुशील कुमार शिंदे इस दौरान कई कार्यक्रमों से हिस्सा लेंगे और चुनाव के मद्देनज़र कार्यकर्ताओं में ऊर्जा भरेंगे। 28 सितंबर के बाद शिंदे चंडीगढ़ से सीधे पुणे के लिए रवाना हो जाएंगे।

इससे पहले यह चर्चा थी कि 28 तारीख के बाद शिंदे समेत हिमाचल के तमाम वरिष्ठ नेता दिल्ली जाएंगे और हाईकमान के साथ उनकी बैठक होने वाली है। लेकिन, समाचार फर्स्ट ने हाईकमान के सूत्रों से तस्दीक की तो अभी तक ऐसा कोई कार्यक्रम फिक्स नहीं हो पाया है। जानकारी के मुताबिक सुशील कुमार शिंदे हिमाचल दौरा खत्म कर वाया चंडीगढ़ पुणे के लिए रवाना हो जाएंगे।

सुशील कुमार शिंदे अपने तीन दिवसीय हिमाचल प्रवास के दौरान सोलन, हमीरपुर, ऊना समेत कई जगहों का दौरा करेंगे। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ मुलाकात के बाद वह चुनाव की तैयारियों पर विशेष रणनीति भी पेश करेंगे।