Follow Us:

गोरखा प्रशिक्षण केंद्र सुबाथू की फायरिंग रेंज तक पहुंची जंगल की आग

रिकी योगेश, सोलन |

सोलन के गोरखा भर्ती केंद्र सुबाथू के आसपास जंगलों में भड़की आग को सेना के जवानों की मदद से काबू किया गया। वन विभाग ने भयंकर आग की सूचना गोरखा प्रशिक्षण केंद्र को दी। इसके बाद जवान आग को बुझाने में जुट गए। जानकारी के अनुसार गोरखा छावनी केंद्र के फायरिंग रेंज कालीधर में जंगल की आग लगी थी। नाले से फैली जंगल की आग 14 जीटीसी प्रशिक्षण केंद्र और आवासों की तरफ बढ़ रही थी।

आग से उठते धुएं के चलते समूचा सुुबाथू क्षेत्र धुएं से भर गया। दो घंटे तक आसमान में पूरी तरह से धुएं के बाद छाये रहे। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि पानी के साथ 2 अधिकारी, 7 जेसीओ और 14 जीटीसी के 360 जवानों ने त्वरित प्रतिक्रिया टीम का गठन कर आग बुझाने में जुट गए। सेना के जवानों के इस प्रयास से जंगल की आग को काफी हद तक काबू कर लिया गया।

जवानों ने छावनी की तरफ बढ़ रही आग को पूरी तरह से बुझा दिया। सैन्य प्रवक्ता ने बताया कि 14 जीटीसी की समय पर की गई इस कार्रवाई ने जंगल और आसपास की आबादी को बड़े नुकसान बचा लिया है। उन्होंने बताया कि जंगल की आग लगभग 1000 मीटर के क्षेत्र में 800 मीटर तक फैल गई थी। सेना के जवान सही समय पर निर्णय नहीं लेते तो यह भंयकर तबाही मचा सकती थी। आग बुझने के बाद सैन्य छावनी ने राहत की सांस ली।