Follow Us:

झारखंड में बड़ा नक्सली हमला, 5 पुलिसकर्मी शहीद

समाचार फर्स्ट डेस्क |

झारखंड में बड़ा नक्सली हमला हुआ है। राज्य के सरायकेला में नक्सली हमले में 5 जवान शहीद हो गए हैं। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार शाम को सरायकेला के तिरुलडीह थाना के कुकरू बाजार के पास नक्सलियों ने हमला कर दिया। यहां साप्ताहिक हाट लगा हुआ था और भीड़ के बीच नक्सलियों ने इस कायराना हरकत को अंजाम दिया। इस हमले में 5 पुलिसकर्मियों के शहीद होने की पुष्टि हुई है। वहीं 3 घायल बताये जा रहे हैं।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, शुक्रवार शाम करीब साढ़े छह बजे दो बाइक पर सवार पांच-छह लोग चाकू और हथियार के बल पर विधि व्यवस्था की पड़ताल करने गए सभी पुलिसकर्मियों को अपने कब्जे में में ले लिया और इसके बाद उन्हें गोली मार दी।

इसके बाद उनकी बंदूक लेकर पश्चिम बंगाल की ओर भाग गए। घटना के बाद हाट में भगदड़ मच गई। शहीद पुलिसकर्मियों में दो जवान और दो एएसआई रैंक के अधिकारी हैं। घटना की सूचना मिलने के बाद जिला मुख्यालय से अतिरिक्त पुलिस के जवानों को घटनास्थल पर भेजा गया है। एसपी खुद घटनास्थल पर पहुंच चुके हैं।