Follow Us:

इंटक रैली में वीरभद्र को लेकर क्रेज़, ‘7वीं बार मुख्यमंत्री’ के लिए लगे नारे

समाचार फर्स्ट डेस्क |

हिमाचल प्रदेश में विधानसभा चुनाव जैसे-जैसे नजदीक आ रहे हैं वैसे ही दोनों मुख्य पार्टियों(बीजेपी और कांग्रेस) में मुख्यमंत्री का चेहरा अभी तक साफ नहीं हुआ है। मौजूदा कांग्रेस सरकार में बेशक मुख्यमंत्री पद वीरभद्र सिंह विराजमान हैं, लेकिन यदि पार्टी मिशन रिपीट को अंजाम देती है तो कांग्रेस में कई चेहरे मुख्यमंत्री पद के लिए कतार में हैं। इस बीच कार्यकर्ताओं में भी कांग्रेस सरकार के मुख्यमंत्री को लेकर काफी क्रेज़ है। इसी कड़ी में बुधवार को शिमला में कार्यकर्ताओं ने वीरभद्र के पक्ष में नारेबाजी की और उन्हें सातवीं बार मुख्यमंत्री बनाने का संदेश दिया।

दरअसल, मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह शिमला में इंटक रैली में शिरकत करने पहुंचे थे। इसी बीच कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री के पक्ष में नारेबाजी शुरू कर दी और वीरभद्र सिंह के सातवीं बार मुख्यमंत्री बनने के नारे लगाए। सैकड़ों कार्यकर्ताओं के बीच मुख्यमंत्री ने भी तलवार निकालकर हुंकार भरी कि यह तलवार कांग्रेसियों की रक्षा करने के लिए है और जब इसकी जरूरत पड़ेगी इसे इस्तेमाल किया जाएगा।