Follow Us:

नशा और अवैध खनन की रोकथाम के लिए चलाया जाएगा अभियान: नरेंद्र बरागटा

पी. चंद |

मुख्य सचेतक एवं जुब्बल-नावर-कोटखाई के विधायक नरेंद्र बरागटा ने क्षेत्र में चल रही विभिन्न समस्याओं जैसे सड़कों  के लिए वन स्वीकृतियां, अवैध खनन, नशे की रोकथाम आदि गम्भीर विषयों पर अधिकारियों के साथ चर्चा की और उन्हें इनके त्वरित निवारण के लिए आवश्यक पग उठाने के निर्देश दिए।

मुख्य सचेतक ने जुब्बल-नावर-कोटखाई विधानसभा क्षेत्र में विकासात्मक परियोजनाओं की प्रगति के लिए आवश्यक वन स्वीकृतियों के सम्बन्ध में सम्बन्धित विभागों के परस्पर समन्वय पर बल दिया तथा उन्हें समय-समय पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।

उन्होंने नशे के बढ़ते मामलों तथा अवैध खनन पर गम्भीर चिंता व्यक्त करते हुए इनके विरूद्ध आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए। उन्होंने बल दिया कि नशे के विरुद्ध अभियान चलाने के लिए स्थानीय लोगों पंचायती राज संस्थानों के प्रतिनिधियों की सक्रिय भागीदारी की आवश्यकता है।