Follow Us:

शिमला में दो नाबालिग लड़कियों से रेप, दोनों आरोपी गिरफ्तार

पी. चंद, शिमला |

शिमला में दो नाबालिग बच्चियों से दुष्कर्म की अलग-अलग घटानाएं सामने आई हैं। पुलिस ने घटना को अंजाम देने वाले दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पहली घटना में चौपाल उपमंडल के नेरवा इलाके में सामने आई है जिसमें आरोपी ने 11 वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म किया। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने  कार्रवाई करते हुए बुधवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान दौलत राम निवासी भरानू गांव के रूप में है।

मामले के अनुसार पीड़िता गांव के रास्ते में जब अकेली घर की तरफ जा रही थी, तो आरोपी ने गलत तरीके से उसका रास्ता रोका और जबरदस्ती की। पीड़िता ने घर पहुंचकर परिजनों को आपबीती बताई। इसके बाद पुलिस ने आरोपी को दबोच लिया।

वहीं, दूसरी घटना कोटखाई थाना क्षेत्र की है, जहां 15 वर्षीय नाबालिग लड़की के साथ बलात्कार हुआ। पीड़िता के परिजनों की शिकायत पर पुलिस ने मेडिकल परीक्षण के लिए पीड़िता को अस्पताल भेज दिया। मामले पर कार्रवाई करते हुए पुलिस ने बुधवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान प्रेम बहादूर के रूप में हुई है। वह नेपाली मूल का है और वर्तमान में कोटखाई के प्रगतिनगर में रह रहा है।

मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक ओमा पति जंबाल ने बताया कि दोनों घटनाओं में आईपीसी की धाराओं 376 और पोक्सो एक्ट में केस दर्ज कर दोनों आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है। रिमांड पर लेने के लिए दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा।