Follow Us:

शिमला से सदस्यता अभियान की शुरुआत, कांग्रेस से निष्कासित जाखू पार्षद BJP में शामिल

पी. चंद |

राजधानी शिमला में कांग्रेस पार्टी को बड़ा झटका लगा है। पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह के जाखू वार्ड से कांग्रेस पार्षद अर्चना धवल ने कांग्रेस पार्टी का दामन छोड़ कर भाजपा जॉइन कर ली है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने रुलदुभट्टा में सदस्यता अभियान के शुभारंभ के मौके पर अर्चना धवल को भाजपा का पटका पहनाकर पार्षद को सदस्यता ग्रहण करवाई।

अर्चना धवल वीरभद्र सिंह के करीबियों में मानी जाती हैं। फिलहाल पार्षद कांग्रेस से निष्कासित चल रही हैं। विधानसभा चुनावों में शिमला शहर से कांग्रेस के प्रत्याशी के खिलाफ काम करने पर पार्टी ने अर्चना धवल को निष्कासित किया था।

इस दौरान मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि भाजपा देश की सबसे बड़ी पार्टी है। डॉ श्यामाप्रसाद की जयंती पर पार्टी ने सदस्ता अभियान की शुरुआत की है। भाजपा को हिमाचल प्रदेश में सबसे ज्यादा वोट शेयर मिला है। पार्टी इसे सदस्यता में बदलने की कोशिश करेगी।

वहीं, भाजपा के राष्ट्रिय सचिव तरुण चुग ने कहा कि देश भर में भाजपा ने आज सदस्यता अभियान की शुरुआत की है। हिमाचल प्रदेश में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने टोल फ्री नंबर की लॉन्चिंग कर सदस्यता अभियान शुरू किया है। कांग्रेस के गढ़ माने जाने वाले जाखू वार्ड से कांग्रेस पार्षद अर्चना धवल को भाजपा ने सदस्यता अभियान में पहले सदस्य के रूप में पार्टी शामिल किया है। भाजपा ने 11 अगस्त तक प्रदेश के 5 लाख लोगों को भाजपा सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है। जिस क्षेत्र में भाजपा कमजोर है वंहा पर भाजपा को मजबूत किया जायेगा। भाजपा देश ही नहीं बल्कि दुनिया की सबसे बड़ी पार्टी है। 13 लाख सदस्य हिमाचल प्रदेश में भाजपा के है।